बांसवाड़ा के रातीतलाई स्थित भारत माता ग्राउंड में शुक्रवार रात 9 बजे श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर मटकी फोड़ प्रतियोगिता होगी। प्रतियोगिता की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। आयोजन को लेकर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल की बैठक हुई। इसमें कार्यक्रम की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की गई और कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गईं। 25 साल पुरानी परंपरा बैठक में बजरंग दल के प्रांत संयोजक करण सिंह भी मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि इस बार प्रतियोगिता अनुशासन के साथ आयोजित की जाएगी। शहर के सभी समाजों के अखाड़ों से आयोजन को सहयोग मिला है। प्रतियोगिता में 18 व्यायामशालाओं की गोविंदा टोलियां हिस्सा लेंगी। ये टोलियां मानव पिरामिड बनाकर मटकी फोड़ेंगी। यह आयोजन पिछले 25 साल से होता आ रहा है। आयोजकों के अनुसार इस बार यह परंपरा नया रिकॉर्ड बनाएगी। प्रद्युम्न सिंह हाड़ा को संयोजक की जिम्मेदारी कार्यक्रम को सही तरीके से कराने के लिए संगठन ने जिम्मेदारियां तय की हैं। प्रद्युम्न सिंह हाड़ा को कार्यक्रम संयोजक और मनोज खांट को सह-संयोजक बनाया गया है। दोनों के नेतृत्व में बजरंग दल के सैकड़ों कार्यकर्ता कार्यक्रम की अलग-अलग व्यवस्थाएं संभालेंगे। सुरक्षा और रोशनी की व्यवस्था पूरी आयोजकों के अनुसार भारत माता ग्राउंड में सुरक्षा, रोशनी और दर्शकों के बैठने की व्यवस्था पूरी कर ली गई है। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने बांसवाड़ा के लोगों से अपील की है कि वे शुक्रवार रात ठीक 9 बजे भारत माता ग्राउंड पहुंचें और प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाली गोविंदा टोलियों का उत्साह बढ़ाएं।