बांसवाड़ा में वोटर्स लिस्ट में गड़बड़ी और तकनीकी खामियों के मामले सामने आ रहे हैं। इनमें एक ही परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग वार्डों में जोड़ दिए गए हैं। परिवार के पति-पत्नी अपने स्थानीय मतदान केंद्र पर वोट डालेंगे, जबकि उनके बेटा-बेटी को मतदान के लिए 3 किलोमीटर दूर दूसरे बूथ पर जाना पड़ेगा। ​स्थानीय निवासी रिटायर्ड टीचर हेमंत उपाध्याय ने बताया कि उनके और उनकी पत्नी का नाम वार्ड नंबर 14 में है, जबकि उनके बच्चों का नाम वार्ड नंबर 3 में डाल दिया गया है। इस तकनीकी गड़बड़ी को सुधारने के लिए एसआईआर (SIR) समेत कई फॉर्म भरकर जमा किए गए, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला। नई प्रकाशित वोटर लिस्ट में 1 जनवरी 2026 के बाद के आवेदन करने वालों के नाम भी सही जगह पर अपडेट नहीं हो पाए हैं, जिससे मतदाताओं में भ्रम स्थिति बनी हुई है। ​इसी तरह की समस्या तिरुपति नगर में रहने वाले गोकुल पंचाल के सामने भी आई हैं। उनका कहना है कि साल 2010 से तिरुपति नगर में रह रहे हैं और हमेशा यहीं के स्थानीय वार्ड से मतदान करते आए हैं। लेकिन इस बार उनका नाम वार्ड नंबर 3 में भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि उनके परिवार के कई वोट अलग-अलग वार्डों में चले गए हैं, जिससे उन्हें मतदान के लिए 3 से 4 किलोमीटर दूर जाना पड़ेगा। बीएलओ (BLO) से बार-बार गुहार लगाने के बावजूद केवल आश्वसन मिल रहा है, पर जमीनी स्तर पर सुधार नहीं होने से मतदाताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।