सोशल मीडिया पर धौंस जमाने और आमजन में भय का माहौल पैदा करने के लिए इंस्टाग्राम पर हथियार के साथ वीडियो अपलोड करने वाले एक युवक को बांसवाड़ा जिला पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एसपी सुधीर जोशी के निर्देशन में यह कार्रवाई कलिंजरा थाना क्षेत्र में की गई है। ​बंदूक निकली एयरगन पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया सेल के जरिए कलिंजरा थाना क्षेत्र के एक युवक द्वारा हथियार के साथ पोस्ट वायरल करने की सूचना मिली थी। इस पर थानाधिकारी तेजुसिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कलिंजरा थाने के छींच निवासी कल्पेश (18) पुत्र शंकर चरपोटा को हिरासत में लिया। थाने लाकर जब पूछताछ की गई और रील की जांच की गई, तो सामने आया कि वीडियो में दिखाई जा रही बंदूक असल में एक एयरगन थी। ​बीएनएसएस के तहत कार्रवाई पुलिस ने बताया कि आरोपी कल्पेश ने सोशल मीडिया पर इस प्रकार की रील बनाकर अपनी दादागिरी कारने, अन्य लोगों को ऐसा कृत्य करने के लिए उकसाने और आम जनता में भय पैदा करने का प्रयास किया था। इस पर पुलिस ने बीएनएसएस की धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है। ​पुलिस की सख्त चेतावनी जिला पुलिस द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर हथियारों का प्रदर्शन कर आमजन में भय एवं दहशत का माहौल पैदा करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध लगातार मॉनिटरिंग कर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया पर इस तरह के हथियारों का प्रदर्शन या दहशत फैलाने वाले कृत्य न करें, अन्यथा सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।