ठेकेदारों के पुराने बकाया भुगतान के मामले में गुरुवार को कोर्ट की टीम कुर्की वारंट लेकर नगर परिषद बारां पहुंची। टीम के अचानक पहुंचने से परिषद में हड़कंप मच गया। मामला वर्ष 2025 के दो ठेकेदारों के बकाया भुगतान से जुड़ा है। जानकारी के अनुसार ठेकेदार सतीश नागर का 9 लाख 66 हजार 294 रुपए और दूसरे संवेदक अंकुश जैन का करीब 37 लाख रुपए का भुगतान बकाया है। बताया जा रहा है कि दोनों ठेकेदारों की भुगतान से संबंधित फाइलें भी नगर परिषद में नहीं मिल रही हैं, जिसके चलते भुगतान अटका हुआ था। ठेकेदारों ने भुगतान के लिए न्यायालय की शरण ली थी। इस मामले में नगर परिषद आयुक्त अशोक शर्मा ने कहा कि कोर्ट के आदेशों की पालना सुनिश्चित की जाएगी। न्यायालय के आदेश पर ही दोनों ठेकेदारों का बकाया भुगतान जल्द किया जाएगा।