बरार के सरकारी स्कूल में टीचर्स डे पर पखंड स्तरीय इस समारोह में कुल 352 शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर शिक्षा के प्रति समर्पण, शिक्षकों के योगदान और भामाशाहों की सामाजिक भागीदारी का खास नजारा देखने को मिला। समारोह के मुख्य अतिथि विधायक हरिसिंह रावत ने स्कूल के विकास के लिए कई घोषणाएं कीं। उन्होंने 10 लाख रुपए की लागत से टीनशेड लगवाने और चार नए क्लासरूम बनाने का ऐलान किया। भामाशाह सेठ घेवरचंद ने अपनी माता की याद में स्कूल में छात्रों और स्टाफ के लिए एक बड़ा आरओ पेयजल प्लांट लगाने की घोषणा की। कार्यक्रम की अध्यक्षता भीम के मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी भागचंद ने की। राजसमंद के मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी नूतन प्रकाश जोशी खास मेहमान थे। समारोह में भीम ब्लॉक के बेहतर शिक्षकों के साथ-साथ बरार और हामेला की बेर क्षेत्र के रिटायर्ड, सरकारी और प्राइवेट शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। विद्यालय के प्रिंसिपल रुगदेव कुमार बुनकर ने बताया कि विद्यालय परिवार और भामाशाहों के सहयोग से यह आयोजन सफल रहा। सम्मान समारोह में शिक्षकों को यादगार चिन्ह और जरूरी सामान दिए गए। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक सिर्फ शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि संस्कारों और मूल्यों से समाज और देश का भविष्य बनाते हैं। शिक्षकों का सम्मान असल में ज्ञान और संस्कारों का सम्मान है।