मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आज जोधपुर में रोड शो और आमसभा करेंगे। इसके बाद एक घंटे की बैठक में पदाधिकारियों से शहर के 100 वार्डों का फीडबैक लेंगे। बैठक में वार्डवार चुनावी स्थिति, प्रत्याशियों की स्थिति और भाजपा का बोर्ड बनाने की रणनीति पर चर्चा होगी। दरअसल, भाजपा के केंद्रीय मंत्री से लेकर विधायक और संगठन के पदाधिकारी फिल्ड में उतरे हुए हैं। रविवार को रोड शो के माध्यम से भाजपा शक्ति प्रदर्शन भी करेगी। इसमें सीएम भजनलाल शर्मा के साथ केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, विधायक अतुल भंसाली, देवेंद्र जोशी और जिलाध्यक्ष राजेंद्र पालीवाल समेत कई जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी शामिल होंगे। जालोरी गेट से घंटाघर तक रोड शो होगा कार्यक्रम के मुताबिक, सीएम भजनलाल शर्मा शाम 5:40 बजे जोधपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वे जालोरी गेट पहुंचकर रोड शो की शुरुआत करेंगे। भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र पालीवाल ने बताया कि जालोरी गेट से शुरू होने वाला रोड शो घंटाघर तक जाएगा। रोड शो आड़ा बाजार, सर्राफा बाजार, कपड़ा बाजार, कटला बाजार से होकर गुजरेगा। इसमें भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता भी बाइक के साथ बड़ी संख्या में शामिल होंगे। सीएम लेंगे 1 घंटे की बैठक, मिशन भाजपा बोर्ड पर होगी चर्चा इस रोड शो के बाद सीएम भजनलाल शर्मा संगठन के पदाधिकारियों की बैठक लेंगे। न्यू पॉवर रोड हाउस पर स्थित लघु उद्योग भारती भवन में 1 घंटे तक संगठनात्मक बैठक होगी। एक-एक वार्ड का फीडबैक लेंगे सीएम भाजपा से जुड़े सूत्रों के मुताबिक बैठक में सीएम एक-एक वार्ड का फीडबैक लेंगे। सीनियर नेताओं की जवाबदेही भी तय की जाएगी। इसके साथ ही ज्यादा से ज्यादा वार्डों में जीत के एक्शन प्लान पर चर्चा भी करेंगे। बताया जा रहा है कि इसी मीटिंग में वार्डवार जीत की रणनीति भी तय की जाएगी। सीएम का रोड शो इसलिए भी मायने रख रहा है, क्योंकि इससे पूर्व दो नगर निगम में एक मेयर भाजपा और कांग्रेस का था। इससे पहले भाजपा के घनश्याम ओझा मेयर रहे थे।