बाड़मेर जिले की बायतु पुलिस ने युवक के किडनैप के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी गंगाराम को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही, उसके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है। युवक बंशीलाल की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि बाइक पर आए दो बदमाशों ने बायतु भीमजी निवासी बंशीलाल का किडनैप कर लिया है। बदमाश उसे धारणा धोरा मंदिर के पास ले गए थे। सूचना मिलते ही थानाधिकारी खेताराम पुलिस जाब्ते के साथ तुरंत धारणा धोरा मंदिर के पास पहुंचे। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी बंशीलाल को वहां छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी जानकारी और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने एक आरोपी गंगाराम को गिरफ्तार कर लिया। उससे पूछताछ की जा रही है कि वारदात में उसके साथ कौन-कौन लोग शामिल थे और युवक का किडनैप करने के पीछे क्या वजह थी। पुलिस ने बंशीलाल का मेडिकल भी करवाया है। फिलहाल पुलिस ने बंशीलाल की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।