निकाय चुनाव की वोटिंग से पहले बाड़मेर जिले की पुलिस ने फेक करेंसी का कारोबार करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह को पकड़ा है। गडरारोड थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक बिना नंबरी क्रेटा कार को रोककर गुजरात के रहने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 500-500 रुपए के कुल 295 जाली नोट बरामद किए है, जो कुल 1,47,500 रुपए थे। साथ ही धारदार चाकू और लग्जरी कार भी जब्त की है। नकली नोट चलाने की सूचना पर घेराबंदी कर पकड़ा एसपी चूनाराम जाट ने बताया कि रामसर-बाड़मेर रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर बिना नंबरी कार सवार युवकों द्वारा ईंधन भरवाकर नकली नोट देने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही गडरारोड थाना पुलिस ने तुरंत नाकाबंदी कराई। नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध क्रेटा कार को रुकवाकर जब उसकी तलाशी ली गई, तो कार से 1.47 लाख रुपए से ज्यादा के जाली नोट और एक चाकू बरामद हुआ। गुजरात के निवासी हैं तीनों आरोपी रात में पेट्रोल पंपों और होटलों को बनाते थे टारगेट प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि वे कलर प्रिंटिंग मशीन के जरिए उच्च गुणवत्ता वाले नकली नोट छापते थे। इसके बाद बिना नंबर प्लेट वाली लग्जरी कार में सवार होकर सुनसान इलाकों, पेट्रोल पंपों और हाईवे के होटलों में रात के अंधेरे का फायदा उठाकर इन नकली नोटों को असली के रूप में खपाते थे। कोतवाली थाने में मामला दर्ज आरोपियों के खिलाफ कोतवाली थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब जांच कर रही है कि वे इन नोटों को कहां प्रिंट करते थे और अब तक बाजार में कितने नकली नोट खपा चुके हैं। कार्रवाई में गडरारोड थानाधिकारी मुकनदान, एएसआई सेणीदान, हेड कॉन्स्टेबल ईश्वरसिंह व भवानीसिंह और कॉन्स्टेबल भरत कुमार, विकास कुमार, कौशलाराम, मनोजकुमार, योगेश कुमार और कमलेश कुमार शामिल रहे। इससे जुड़ी खबर पढ़े… बाड़मेर में डेढ़ लाख रुपए के नकली नोट पकड़े:तीन युवक हिरासत में, क्रेटा गाड़ी में डीजल भरवाकर भाग गए थे