बहरोड़ नगर परिषद चुनाव को लेकर नामांकन पत्रों की जांच पूरी हो गई है। जांच के दौरान कुल 17 नामांकन पत्र खारिज किए गए हैं। इनमें भाजपा के दो उम्मीदवारों के नामांकन भी शामिल हैं। रिटर्निंग ऑफिसर पंकज कुमार बडगूजर ने नामांकन पत्रों की जांच के बाद यह कार्रवाई की। नगर परिषद के 55 वार्डों के लिए कुल 467 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे। नामांकन पत्रों की जांच दूसरे दिन पूरी हो सकी। जांच के बाद 17 फॉर्म निरस्त होने से अब 450 उम्मीदवार चुनाव मैदान में रह गए हैं। भाजपा के दो उम्मीदवारों के नामांकन खारिज नामांकन जांच में वार्ड नंबर 1 से भाजपा उम्मीदवार विकास यादव और वार्ड नंबर 11 से भाजपा प्रत्याशी वीरेंद्र यादव का नामांकन पत्र भी खारिज हो गया। वहीं, वार्ड नंबर 2 में भाजपा ने अविनाश मित्तल की जगह सुनील कुमार को अपना उम्मीदवार बनाया है। नामांकन पत्रों की जांच पूरी होने के बाद अब भाजपा, कांग्रेस, बसपा सहित निर्दलीय उम्मीदवार चुनाव प्रचार में जुट गए हैं। नामांकन खारिज होने से संबंधित उम्मीदवारों और राजनीतिक दलों के बीच भी राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। 55 वार्डों में 450 उम्मीदवार मैदान में नामांकन पत्रों की जांच के बाद बहरोड़ नगर परिषद के 55 वार्डों में कुल 450 उम्मीदवार चुनाव मैदान में बचे हैं। हालांकि, 3 सितंबर को नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उम्मीदवारों की वास्तविक संख्या सामने आएगी। उम्मीदवार अपने-अपने वार्डों में मतदाताओं से संपर्क कर रहे हैं। वहीं, राजनीतिक दल भी वार्डवार समीकरणों को देखते हुए अपनी चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। चार वार्डों में सीधा मुकाबला बहरोड़ नगर परिषद के 55 वार्डों में से चार वार्ड ऐसे हैं, जहां फिलहाल सिर्फ दो-दो उम्मीदवार आमने-सामने हैं। इनमें वार्ड नंबर 5, 8, 22 और 42 शामिल हैं। इन वार्डों में मुकाबला सीधे दो प्रत्याशियों के बीच है। इसके अलावा चार वार्ड ऐसे भी हैं, जहां सबसे ज्यादा 14-14 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इनमें वार्ड नंबर 15, 26, 31 और 33 शामिल हैं। इन वार्डों में नाम वापसी के बाद मुकाबले की तस्वीर बदल सकती है। 11 सितंबर को होगा मतदान बहरोड़ नगर परिषद के 55 वार्डों के लिए 11 सितंबर को मतदान होगा। नगर परिषद क्षेत्र में कुल 66,896 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। अब सभी की नजर 3 सितंबर को होने वाली नाम वापसी पर है। नाम वापसी के बाद यह साफ होगा कि कितने उम्मीदवार चुनाव मैदान में रहेंगे और किन वार्डों में मुकाबला त्रिकोणीय या बहुकोणीय होगा।