जयपुर में बुधवार दोपहर बाद मौसम बदला और कई इलाकों में बारिश हुई। इधर, मौसम विभाग ने 4 सितंबर से बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना जताई है। बीते 4 दिन से प्रदेश के किसी जिले में बरसात नहीं हुई है। सितंबर का पहला दिन भी सूखा रहा। बारिश नहीं होने से पारा फिर 40 डिग्री के करीब पहुंच गया है। बीते 24 घंटे में सबसे अधिक तापमान श्रीगंगानगर में 39.4 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। जयपुर, अजमेर, बीकानेर, जोधपुर संभाग के कई शहरों का तापमान 34 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हुआ। प्रदेश में बारिश की स्थिति मानसून के बड़े अपडेट्स मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया- पूर्वी भारत के ऊपर बना वेल मार्क लो प्रेशर एरिया (WML) उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और आसपास के लगे पश्चिम बंगाल, ओडिशा तट पर है। ये आगामी 24 घंटों में धीरे-धीरे उत्तरी ओडिशा, झारखंड की ओर आगे बढ़ने की संभावना है। मानसून ट्रफ अभी जम्मू, चंडीगढ़, शाहजहांपुर, वाराणासी होकर लो-प्रेशर सिस्टम से गुजरते हुए बंगाल की खाड़ी तक जा रही है। इस सिस्टम के कारण असर से राजस्थान में बारिश का दौर शुरू होगा। बीकानेर, गंगानगर में पारा चढ़ा: राजस्थान में मंगलवार को अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने से तापमान में उतार-चढ़ाव रहा। श्रीगंगानगर, बीकानेर, उदयपुर, चित्तौड़गढ़, जयपुर, पिलानी के तापमान में 1 डिग्री तक बढ़ोतरी हुई। श्रीगंगानगर में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जैसलमेर में अधिकतम तापमान 37.4, चूरू में 37.6, बीकानेर में 37, पिलानी में 37.2, फलोदी में 36.6, अलवर में 36, बाड़मेर में 35.2, फतेहपुर में 35.2, जोधपुर में 34.6 और सीकर में 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। आज से शुरू होगा बारिश का दौर: मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार- राज्य में बुधवार से पूर्वी हिस्से (भरतपुर संभाग) में कहीं-कहीं बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी भी हो सकती है। 2-3 सितंबर को बहुत कम बारिश होने की संभावना है। 4 से 7 सितंबर के दौरान भरतपुर, कोटा, जयपुर, अजमेर और उदयपुर संभाग में मेघगर्जन के साथ बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने तथा कहीं-कहीं हल्की, मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कोटा संभाग के जिलों में कहीं-कहीं मध्यम से तेज बारिश भी हो सकती है। राजस्थान के प्रमुख जिलों में मौसम का हाल उदयपुर: लेकसिटी में मंगलवार सुबह से मौसम सामान्य रहा। दिनभर धूप निकली हुई थी। मौसम विभाग के अनुसार- आगे भी बारिश की संभावना नहीं है। वहीं अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.1 डिग्री से. दर्ज किया गया। अलवर: शहर में मंगलवार को सुबह से मौसम सामान्य रहा। दिन में धूप के बीच उमसभरी गर्मी का असर देखने को मिला। अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गर्मी और उमस के कारण लोग परेशान नजर आए। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में अलवर में बारिश होने के साथ आकाशीय बिजली चमकने की संभावना जताई है। कोटा: शहर में मंगलवार दिनभर धूप खिली रही। हालांकि तापमान में कोई उतार-चढ़ाव नहीं हुआ। अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री और न्यूनतम 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। धूप निकलने से लोग परेशान रहे। मौसम विभाग ने 3 और 4 सितंबर को कोटा संभाग में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। अजमेर: शहर में मंगलवार सुबह से धूप खिली रही। गर्मी और उमस ने परेशान किया। अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री व न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सीकर: शहर में मंगलवार दिनभर मौसम बदलता रहा। सुबह तेज धूप निकली। फिर आसमान में बादल छाए। शाम होते-होते हल्की हवा के साथ आसमान से बादल छंट गए। सीकर के फतेहपुर मौसम केंद्र पर अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.3 डिग्री दर्ज किया गया। फिलहाल सीकर में बारिश का कोई पूर्वानुमान नहीं है। जोधपुर: लेकसिटी में मंगलवार को मौसम साफ रहा। अब तक सामान्य से 89 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। अधिकतम तापमान 39 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने इस सप्ताह किसी तरह की बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया है।