सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता विचार और संस्कार लेकर संगठन से जुड़ता है और राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ काम करता है। विपरीत परिस्थितियों में भी संगठन के लिए निस्वार्थ भाव से काम करना ही भाजपा कार्यकर्ता की पहचान है। सीएम शर्मा ने शनिवार को भीलवाड़ा दौर के दौरान भाजपा कार्यालय पर जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों की संगठनात्मक बैठक को संबोधित करते हुए यह बात कही। नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर जीत का मंत्र देते हुए सीएम ने कहा कि कार्यकर्ता राज्य और केंद्र सरकार की योजनाओं व उपलब्धियों को जनता के बीच लेकर जाएं। उन्होंने विश्वास जताया कि जिले की नगर निगम और सभी 10 नगर पालिकाओं में भाजपा जीत का परचम फहराएगी। कार्यकर्ता पर प्रश्नचिह्न न लगने दें
मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को नसीहत देते हुए कहा कि कार्यकर्ता पर प्रश्नचिह्न नहीं लगने दें, क्योंकि यह पीछा नहीं छोड़ेगा। कार्यकर्ता का निर्माण बड़ी मुश्किल से होता है। संगठन के सीसीटीवी की नजर प्रत्येक कार्यकर्ता पर है और सभी के कार्य का मूल्यांकन हो रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रत्येक निष्ठावान कार्यकर्ता को कहीं न कहीं मौका अवश्य मिलेगा। जिले के सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर पार्टी हित में काम करें, निकाय चुनाव में पूरी ताकत झोंक दें और एकतरफा जीत हासिल करें। डबल इंजन सरकार को ट्रिपल इंजन में बदलना है
सीएम शर्मा ने कहा कि वर्ष 2014 में भाजपा के वरिष्ठ नेता नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने और वर्ष 2023 में राजस्थान में भाजपा सरकार बनने के बाद डबल इंजन की सरकार बनी। अब निकाय चुनाव में इसे ट्रिपल इंजन में बदलने की बारी है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस शुरू से ही घोषणाएं करके जनता को गुमराह करती आई है। वहीं, वर्ष 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में अभूतपूर्व कार्य हो रहे हैं और राजस्थान भी इससे अछूता नहीं है। पीएम मोदी के नेतृत्व में राजस्थान में आई जल क्रांति
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राजस्थान में जल के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। चाहे ईआरसीपी योजना हो, यमुना जल समझौता हो या ब्राह्मणी नदी योजना, सरकार ने जल के क्षेत्र में महत्वपूर्ण काम किए हैं। उन्होंने कहा कि वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान को भी राज्य में अभूतपूर्व जनसमर्थन मिला है। इसके अलावा एक भी ऐसा क्षेत्र नहीं है, जहां ऐतिहासिक कार्य नहीं हुए हों। भीलवाड़ा में ढाई साल में 7 हजार करोड़ के विकास कार्य
सीएम शर्मा ने कहा कि भीलवाड़ा जिले के सातों विधायकों ने पिछले ढाई साल में सरकार से अपने-अपने क्षेत्रों के लिए जितना मांगा, उससे ज्यादा देने का प्रयास किया है। भीलवाड़ा जिले में पिछले ढाई साल में विकास कार्यों की सूची बहुत लंबी है। अब तक जिले में 7 हजार करोड़ रुपए के विकास कार्य किए जा चुके हैं। जिलाध्यक्ष ने रखी संगठन की प्रगति रिपोर्ट
बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने मुख्यमंत्री सहित सभी अतिथियों और पदाधिकारियों का स्वागत किया। उन्होंने जिला संगठन की गति-प्रगति की रिपोर्ट प्रस्तुत की और विश्वास दिलाया कि विधानसभा और लोकसभा चुनाव की तरह नगर निकाय चुनाव में भी भीलवाड़ा जिले को कांग्रेस मुक्त करेंगे। ये रहे मौजूद
बैठक में सांसद दामोदर अग्रवाल, प्रदेश महामंत्री कैलाश मेघवाल, संभाग चुनाव सह प्रभारी लालचंद कटारिया, जिला संगठन प्रभारी संजय जैन, सह प्रभारी मिट्ठूलाल जाट, नगर निगम प्रभारी वीरम देव सिंह, विधायक अशोक कोठारी, गोपीचंद मीणा, उदयलाल भडाना, लालाराम बैरवा, गोपाल खंडेलवाल, जब्बरसिंह सांखला, लादूलाल पीतलिया, पूर्व सांसद सुभाष बहेडिया और पूर्व विधायक विट्ठलशंकर अवस्थी मंचासीन रहे।