भीलवाड़ा में नगर निगम चुनाव से पहले निर्दलीय विधायक अशोक कोठारी ने कार्यकर्ता स्नेह मिलन के जरिए शक्ति प्रदर्शन किया। रविवार शाम शहर के हरिसेवा धाम में हुए कार्यक्रम में उन्होंने अपने 33 महीने के कार्यकाल का लेखा-जोखा सामने रखा। साथ ही निकाय चुनाव में आगे की रणनीति को लेकर भी संकेत दिए। कोठारी ने कहा कि वे दो दिन टिकट चयन प्रक्रिया को देखेंगे। इसके बाद कार्यकर्ताओं और विचार परिवार के साथ बैठक कर आगे का फैसला करेंगे। 'मेरे साथ जुड़े लोग भाजपा के ही कार्यकर्ता' कोठारी ने अपने समर्थकों को भाजपा से अलग नहीं बताया। उन्होंने कहा कि उनके साथ जुड़े लोग भाजपा के ही निष्ठावान और वरिष्ठ कार्यकर्ता हैं। भाजपा के लोग भी हमारे हैं और हमारा प्रयास है कि सेवा भाव रखने वाले सही लोगों को राजनीति में मौका मिले। उन्होंने कहा कि टिकट वितरण में पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं मिला तो भाजपा के सामने भीतरघात की चुनौती खड़ी हो सकती है। हालांकि उन्होंने निकाय चुनाव को लेकर अपना फैसला कार्यकर्ताओं और विचार परिवार की बैठक पर छोड़ दिया। कोठारी ने इस दौरान अपने विधानसभा क्षेत्र में 33 महीने के कार्यकाल में कराए गए कामों का लेखा-जोखा भी सामने रखा। प्रदेश स्तर पर सम्मान, जिले में अनदेखी का आरोप विधायक कोठारी ने कहा कि प्रदेश स्तर पर उन्हें पूरा सम्मान मिला और सभी काम हुए, लेकिन जिला स्तर पर वैसी स्थिति नहीं बन पाई। उनके मुताबिक, उनके कार्यकर्ताओं को न तो सम्मान मिला और न ही उचित स्थान दिया गया। कोठारी ने कहा कि उनके साथ जुड़े कार्यकर्ताओं का सम्मान और सुरक्षा करना उनका दायित्व है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की अनदेखी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। घर वापसी करने वाले भाजपा नेता भी मंच पर नजर आए कार्यक्रम में भाजपा के वे चेहरे भी मंच पर नजर आए, जो विधानसभा चुनाव में कोठारी के साथ खड़े रहने के कारण पार्टी से निष्कासित किए गए थे। बाद में इन नेताओं की भाजपा में घर वापसी कराई गई थी। इनमें पूर्व सभापति लक्ष्मीनारायण डाड, पूर्व उप महापौर रामलाल योगी, पूर्व नगर अध्यक्ष कन्हैयालाल स्वर्णकार और पूर्व प्रदेश कार्यसमिति सदस्य भगवान सिंह चौहान शामिल रहे। ये सभी विधानसभा चुनाव के दौरान विचार परिवार के साथ निर्दलीय प्रत्याशी अशोक कोठारी के प्रचार-प्रसार में जुटे थे। प्रदेश संगठन ने उस समय कुछ नेताओं को पार्टी से बाहर कर दिया था, लेकिन बाद में उन्हें दोबारा भाजपा में शामिल कर लिया गया। संतों सहित ये लोग रहे मौजूद कार्यक्रम में संत प्रकाशदास महाराज, महामंडलेश्वर बाबू गिरी महाराज, महंत रामदास रामायणी, महंत संतदास महाराज, महंत बलराम दास, मंशापूर्ण बालाजी के पंडित कृष्ण शास्त्री, गुरला महंत पुनीतदास, संत लाल महाराज, संत माधोराम सालवी, मुरारी पांडे, संत प्रकाशानंद, पूजा-भजन गायक संत प्रकाशदास महाराज, राजेश बालार, तिलोकचंद छाबड़ा और पद्मश्री जानकीलाल भांड सहित कई लोग मौजूद रहे।