भीलवाड़ा नगरीय निकाय चुनाव के तहत नगर निगम के 70 वाडों में पार्षद पद के लिए दाखिल नामांकन पत्रों की समीक्षा प्रक्रिया पूरी हो गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी (म्युनिसिपल) के अनुसार समीक्षा के दौरान कुल 717 नामांकन पत्रों की जांच की गई।इनमें से 315 नामांकन पत्र खारिज कर दिए गए, जबकि 402 नामांकन पत्र वैध पाए गए। इसके साथ ही नगर निगम के 70 वाडों में पार्षद पद के लिए कुल 362 अभ्यर्थियों के नामांकन वैध पाए गए हैं। 10 नगर पालिकाओं में 1875 नामांकन में से 645 खारिज जिले की 10 नगर पालिकाओं में हुए 1875 नामांकनों की मंगलवार को जांच हुई। जांच के बाद 645 नामांकन खारिज हो गए हैं। गंगापुर में सभी 25 वाडों में कुल 98 प्रत्याशी अब शेष रहे गए हैं। कुल 190 आवेदनों की स्क्रूटनी (जांच) के बाद 92 नामांकनों का खारिज या वापस होना सामने आया है। आसींद के 25 वार्डों के लिए कुल 176 नामांकन आवेदन प्राप्त हुए थे। इसमें से कुल 67 नामांकन रिजेक्ट हो गए हैं। शाहपुरा में 101 फॉर्म खारिज शाहपुरा में कुल 255 नाम निर्देशन फॉमों में से 101 फॉर्म खारिज किए गए, जबकि 138 अभ्यर्थियों द्वारा दाखिल किए गए 154 फॉर्म स्वीकार किए गए। बीगोद नगर पालिका में 64 फॉर्म खारिज हुए। जिसमें एक भाजपा प्रत्याशी का नामांकन भी शामिल है। बिजौलिया में 55 नामांकन खारिज बिजौलिया में 174 प्रत्याशियों के 205 नामांकन पत्रों में से 150 नामांकन पत्र वैध पाए गए, जबकि 55 नामांकन पत्र खारिज कर दिए गए। मांडलगढ़ में कुल 103 नामांकनों की जांच में 7 खारिज हुए हैं। वहीं 2 निर्दलीय पर्चे निरस्त किए हैं। ऐसे में अब 94 नामांकन बचे हैं।