भीलवाड़ा में नगर निकाय चुनाव के नामांकन का सोमवार को अंतिम दिन होने से कलेक्ट्रेट में सुबह से ही चुनावी गहमागहमी बढ़ गई। भाजपा-कांग्रेस के फाइनल प्रत्याशियों को फोन पर नामांकन भरने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि दोनों दलों ने अभी तक अधिकृत सूची और सिंबल जारी नहीं किए हैं। निर्दलीय प्रत्याशी भी समर्थकों के साथ रैली के रूप में नामांकन दाखिल करने पहुंच रहे हैं। नगर निगम के 70 वार्डों समेत जिले की 10 नगरपालिकाओं के लिए नामांकन पत्र दोपहर 3 बजे तक जमा होंगे। फाइनल सूची वाले उम्मीदवारों को फोन भाजपा और कांग्रेस की ओर से अभी तक अधिकृत प्रत्याशियों की सूची जारी नहीं की गई है और न ही सिंबल दिए गए हैं। हालांकि रविवार से फाइनल सूची में शामिल बताए जा रहे उम्मीदवारों को पार्टी कार्यालय से फोन कर नामांकन फॉर्म भरने के लिए कहा गया है। पार्टी प्रत्याशियों के साथ बड़ी संख्या में निर्दलीय उम्मीदवार भी नामांकन दाखिल करने पहुंच रहे हैं। तीन कमरों में जमा हो रहे नगर निगम के नामांकन भीलवाड़ा जिला कलेक्टर कार्यालय में नगर निगम के 70 वार्डों के नामांकन के लिए तीन अलग-अलग कमरे बनाए गए हैं। वार्ड 1 से 30 के लिए कमरा नंबर 5, वार्ड 31 से 50 के लिए कमरा नंबर 34 और वार्ड 51 से 70 के लिए कमरा नंबर 55 में नामांकन फॉर्म जमा किए जा रहे हैं। सुबह 10:30 बजे से नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई। रैली निकालकर पहुंच रहे निर्दलीय प्रत्याशी पार्टी प्रत्याशियों के साथ ही निर्दलीय उम्मीदवार भी पूरे उत्साह के साथ नामांकन रैलियां निकालकर फॉर्म भरने पहुंच रहे हैं। प्रत्याशियों के साथ आने वाले समर्थकों और भीड़ को जिला कलेक्टर कार्यालय के मुख्य गेट से काफी पहले ही रोक दिया जा रहा है।