भीलवाड़ा नगर निगम और 10 नगर पालिकाओं में होने वाले निकाय चुनावों को लेकर भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। अजमेर संभाग चुनाव प्रभारी और राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी रविवार को भाजपा जिला कार्यालय पहुंचे और चुनावी तैयारियों को लेकर बैठक ली। उन्होंने अब तक हुई गतिविधियों और तैयारियों की समीक्षा की। साथ ही टिकट वितरण को लेकर पार्टी का रुख भी स्पष्ट किया। चतुर्वेदी ने कहा - निकाय चुनाव में वार्ड के स्थानीय निवासी कार्यकर्ता को ही प्राथमिकता दी जाएगी। जिन वार्डों के लिए आरक्षण की निर्धारित श्रेणी तय है, वहां उसी श्रेणी के दावेदारों को पहली प्राथमिकता मिलेगी। महिलाओं के लिए आरक्षित वार्डों में भी स्थानीय महिला कार्यकर्ता को टिकट देने में प्राथमिकता दी जाएगी। डबल इंजन सरकार ट्रिपल इंजन में बदलेगी चतुर्वेदी ने कहा कि निकाय चुनाव को लेकर पूरे प्रदेश में भाजपा के प्रति सकारात्मक माहौल है। कार्यकर्ताओं को केंद्र और राज्य सरकार के विकास कार्यों और उपलब्धियों को अंतिम छोर तक के व्यक्ति तक पहुंचाना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में चल रही डबल इंजन की सरकार अब ट्रिपल इंजन में परिवर्तित होगी। वार्डों में रायशुमारी कर पैनल तैयार करें उन्होंने वार्ड प्रभारियों, संयोजकों और समन्वयकों को निर्देश दिए कि वे वार्डों में जाकर रायशुमारी करें। संभावित दावेदारों से आवेदन लेकर पैनल तैयार करें और अपनी रिपोर्ट जिला संगठन को भेजें। बैठक में ये रहे मौजूद बैठक में जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, सांसद दामोदर अग्रवाल, संभाग चुनाव सह प्रभारी लालचंद कटारिया, जिला संगठन प्रभारी संजय जैन, सह प्रभारी मिट्ठूलाल जाट, विधायक गोपीचंद मीणा, लालाराम बैरवा, पूर्व विधायक विट्ठलशंकर अवस्थी, पूर्व महापौर राकेश पाठक और नगर निगम प्रभारी वीरमदेव जैसास मौजूद रहे।