भीलवाड़ा नगर निगम चुनाव में वार्ड 26 से निर्दलीय प्रत्याशी सन्नी ओड़ को चित्तौड़गढ़ की सदर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे साल 2023 में दर्ज जानलेवा हमले और मारपीट के मामले में पकड़ा है। सन्नी चुनाव मैदान में है और शुक्रवार को उसे चुनाव चिन्ह कैंची मिला था। चित्तौड़गढ़ पुलिस शुक्रवार को भीलवाड़ा पहुंची और कोतवाली पुलिस की मदद से उसे गिरफ्तार कर लिया। लंबे समय से था वांटेड पुलिस के अनुसार सन्नी ओड़ इस मामले में लंबे समय से वांटेड था। वह कोर्ट में होने वाली पेशियों पर भी नहीं पहुंच रहा था। सदर थाना पुलिस को उसके भीलवाड़ा में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम शुक्रवार को भीलवाड़ा पहुंची। यहां कोतवाली पुलिस की मदद से सन्नी को गिरफ्तार किया गया। 2023 के जानलेवा हमले के मामले में गिरफ्तारी सदर थानाधिकारी प्रेमसिंह ने बताया कि सन्नी ओड़ पुत्र हजारीलाल ओड़, ओड़ों का खेड़ा का रहने वाला है। उसके खिलाफ साल 2023 में जानलेवा हमला और मारपीट करने का मामला दर्ज हुआ था। इसी मामले में पुलिस ने उसे भीलवाड़ा से गिरफ्तार किया है। पुलिस अब उसे कोर्ट में पेश करेगी। इसके बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। शुक्रवार को मिला था कैंची चुनाव चिन्ह सन्नी ओड़ वार्ड 26 से निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ रहा है। शुक्रवार को उसे चुनाव चिन्ह कैंची आवंटित हुआ था। नामांकन दाखिल करने और चुनाव प्रचार के बीच हुई गिरफ्तारी से अब वार्ड 26 के चुनावी समीकरण को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। नामांकन में आपराधिक मामलों की जानकारी दी थी सन्नी ने चुनाव नामांकन के साथ जो शपथ पत्र दिया था, उसमें उसके खिलाफ दर्ज आपराधिक मामलों की जानकारी भी दी गई है। अब चुनाव के दौरान उसकी गिरफ्तारी के बाद वार्ड 26 के चुनाव पर इसका क्या असर पड़ेगा, इसे लेकर चर्चा शुरू हो गई है।