भीम कस्बे में एक ज्वैलर के साथ हाथापाई की घटना के बाद व्यापारियों ने रविवार सुबह से बाजार बंद कर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, ज्वैलर्स व्यापारी मनोहर लाल देरासरिया के साथ हुई इस घटना से कस्बे के व्यापारियों में भारी आक्रोश फैल गया। घटना के बाद देर रात बड़ी संख्या में लोग भीम थाने पहुंचे, जहां पुलिस अधिकारियों ने उन्हें शांत करने का प्रयास किया। रविवार सुबह से भीम का बाजार पूरी तरह बंद रहा। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कस्बे में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। भीम पुलिस ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले हैं ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। घटना के विरोध में व्यापारी सुजाजी चौक स्थित हनुमान मंदिर पर एकत्रित हुए। उन्होंने आरोपी पीतांबर मेवाड़ा उर्फ गुड्डू की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। भीम थानाधिकारी दिलीप कुमार ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पीतांबर मेवाड़ा उर्फ गुड्डू को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद व्यापारियों की प्रमुख मांग पूरी हो गई। इसके बाद व्यापारियों ने बैठक कर बाजार खोलने का निर्णय लिया और भीम बाजार फिर से खुल गया।