गोविंदगढ़ और आसपास के गांवों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। गोविंदगढ़ कस्बे के ग्राम भूतेड़ा स्थित प्राचीन रघुनाथजी के बड़े मंदिर में विशेष आयोजन हुआ। जन्माष्टमी को लेकर रघुनाथजी मंदिर को आकर्षक बिजली की रोशनी, फूलों और रंग-बिरंगी सजावट से सजाया गया। ठाकुरजी का विशेष शृंगार किया गया। निज मंदिर के पुजारी सांवर मल शर्मा ने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी जन्माष्टमी उत्साह के साथ मनाई गई। इस दौरान निज मंदिर के पुजारी श्याम सुंदर, रामगोपाल और हेमराज शर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। भजनों पर झूमे श्रद्धालु जन्माष्टमी के मौके पर मंदिर परिसर में भजन संध्या आयोजित की गई। गोविंद यादव एंड पार्टी ने भगवान श्रीकृष्ण की महिमा से जुड़े भजनों की प्रस्तुतियां दीं। भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे और पूरा मंदिर परिसर कृष्ण भक्ति में डूबा नजर आया। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई। ग्रामीणों ने उत्साह के साथ आयोजन में हिस्सा लिया और भगवान श्रीकृष्ण से क्षेत्र में सुख, शांति और खुशहाली की कामना की।