चूरू जिले की बीदासर नगर पालिका में वार्ड 15 से कांग्रेस प्रत्याशी सीताराम प्रजापत ने नामांकन वापस ले लिया है। इससे अब यहां भाजपा प्रत्याशी सुमन प्रजापत का निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया है। कांग्रेस के सीताराम प्रजापत ने अपना नामांकन पत्र गुरुवार को वापस लिया। सुमन प्रजापत के निर्विरोध निर्वाचित होने के बाद बीदासर में चुनावी हलचल तेज हो गयी। इसके अलावा बीदासर के वार्ड 21 से कांग्रेस की संगीता कंवर ने भी गुरुवार को अपना नामांकन वापस ले लिया है। अब वार्ड 21 में भाजपा के मन्नालाल नाई और भाजपा से बागी होकर निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे गिरधारीसिंह राजपुरोहित मैदान में हैं। अब 35 वार्डों में 112 उम्मीदवार चुनाव मैदान में बीदासर में 35 वार्डों के लिए कुल 197 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे, जिनमें से 55 नामांकन खारिज हो गए थे। बुधवार को 6 उम्मीदवारों और गुरुवार को 15 उम्मीदवारों ने अपने नाम वापस लिए। नामांकन वापसी के बाद अब बीदासर के 35 वार्डों में कुल 112 उम्मीदवार चुनाव मैदान में बचे हैं।