बीकानेर में सेना ने बम को डिफ्यूज किया तो तेज धमाके के साथ रेत का गुबार उठा। बम करीब डेढ़ महीने पहले जरजनसर क्षेत्र में जसवंतसर के पास खेत में मिला था। कार्रवाई से पहले पुलिस ने पहले ही इलाके को सुरक्षित कर लिया था। डेढ़ महीने पहले बम मिलने पर पुलिस ने सुरक्षित कराया था इलाका जानकारी के अनुसार, जसवंतसर के पास खेत में बम मिलने की सूचना पर महाजन थाना पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से क्षेत्र को सुरक्षित करवाया और सेना के बम निरोधक दस्ते को सूचना दी। सेना के अभ्यास के दौरान कई बार बम आसपास के खेतों में पहुंच जाते हैं। ऐसे बमों को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करने की जिम्मेदारी सेना की टीम की होती है। लेफ्टिनेंट कर्नल मोनिका जार्ज के नेतृत्व में पहुंची टीम ने किया डिफ्यूज मंगलवार को लेफ्टिनेंट कर्नल मोनिका जार्ज और मेजर जिशान के नेतृत्व में सेना की बम निरोधक टीम जसवंतसर पहुंची। टीम ने सूने खेत में सुरक्षा मानकों के अनुसार कार्रवाई शुरू की। निर्धारित स्थान पर गड्ढा तैयार करने के बाद जिंदा बम को नियंत्रित प्रक्रिया के तहत डिफ्यूज किया गया। बम डिफ्यूज करने के दौरान महाजन थाना पुलिस का जाप्ता भी मौके पर तैनात रहा। एएसआई जयप्रकाश यादव, कॉन्स्टेबल राजेश पवन सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली। सेना के जवानों ने सावधानीपूर्वक अभियान पूरा किया। कंटेंट : गणेश रांकावत, अरजनसर