राजस्थान में संभवत: पहली बार किसी पार्टी का टिकट चोरी होने का मामला सामने आया है। बीकानेर में नगर निगम चुनाव में कांग्रेस के पूर्व पार्षद ने टिकट चोरी का आरोप लगाया है। उन्होंने शहर कांग्रेस अध्यक्ष, देहात अध्यक्ष और वार्ड 50 से प्रत्याशी के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। कांग्रेस से निष्कासित पूर्व पार्षद दीपक अरोड़ा ने आरोप लगाया है कि पार्टी ने उनके बेटे मोहित अरोड़ा को टिकट दिया था। उसके नाम से सिंबल भी जारी हुआ था, लेकिन बाद में टिकट बदलकर नवरतन डागा को दे दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके लिए फर्जी टिकट तैयार कर रिटर्निंग ऑफिसर के पास पेश किया गया। इस मामले में दीपक अरोड़ा की रिपोर्ट पर शुक्रवार दोपहर सदर थाने में शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदनगोपाल मेघवाल, देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग और पार्टी प्रत्याशी नवरतन डागा FIR दर्ज हुई। वहीं, शहर अध्यक्ष से मारपीट मामले में पुलिस दीपक अरोड़ा के बेटे मोहित समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। कांग्रेस के कहने पर मोहित ने भरा था नामांकन फॉर्म दीपक अरोड़ा ने रिपोर्ट में बताया- वार्ड नंबर 50 से कांग्रेस ने उनके बेटे मोहित अरोड़ा को टिकट दिया था। कांग्रेस के कहने पर मोहित ने प्रत्याशी के रूप में नामांकन फॉर्म भरा और इसके बाद प्रचार भी शुरू कर दिया था। 30 अगस्त 2026 को प्रदेश कार्यालय ने बीकानेर नगर निगम के सभी प्रत्याशियों के नाम और वार्ड के हिसाब से सिंबल अंकित कर सूची तैयार की थी। प्रभारी बलकरण सिंह ने यह सूची शहर अध्यक्ष मदनगोपाल मेघवाल और देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग को सौंप दी थी। प्रत्याशियों की सूची में मोहित अरोड़ा का नाम भी शामिल था। सूची देखकर सिंबल बदलने का आरोप लगा अरोड़ा ने कहा- 31 अगस्त को सूची देखने के बाद मुझे पता चला कि मेरे बेटे मोहित के नाम से जारी टिकट को बदल दिया गया है। फर्जी तरीके से टिकट तैयार कर नवरतन डागा को दे दिया गया, जिसे बाद में रिटर्निंग ऑफिसर के पास जमा कराया गया। बेटे के नाम सिंबल जारी होने का भी किया जिक्र रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि मोहित अरोड़ा के नाम का सिंबल जारी हो चुका था। फर्जीवाड़े से सामाजिक प्रतिष्ठा धूमिल हुई है। धोखाधड़ी में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से शामिल लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए। दीपक अरोड़ा ने इस संबंध में सदर पुलिस को 2 सितंबर 2026 को रिपोर्ट दी थी। इसके बाद शुक्रवार दोपहर FIR दर्ज की गई। इसमें धोखाधड़ी करने, जाली दस्तावेज तैयार करने और जाली दस्तावेज का इस्तेमाल करने के आरोप में शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदनगोपाल मेघवाल, देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग और पार्टी प्रत्याशी नवरतन डागा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मोहित सहित चार युवक गिरफ्तार जयनारायण व्यास कॉलोनी पुलिस थाने के SHO देवेंद्र सिंह ने बताया- शहर अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल से मारपीट के मामले में मोहित अरोड़ा, रविंद्र अरोड़ा, अनुज शर्मा, दिलेर अहमद को गिरफ्तार किया है। --- संबंधित ये खबर भी पढ़ें … बीकानेर में कांग्रेस जिलाध्यक्ष को कार्यकर्ताओं ने पीटा, VIDEO:स्वागत करने के बहाने बाहर बुलाकर थप्पड़-मुक्के मारे; बोले- टिकट क्यों नहीं दिया बीकानेर शहर कांग्रेस जिला अध्यक्ष और पूर्व IPS अफसर मदन गोपाल मेघवाल को पार्टी कार्यकर्ताओं ने चांटे और मुक्के मारे। पूरी खबर पढ़िए