जोधपुर की बिलाड़ा थाना पुलिस ने ट्यूबवेल से केबल चोरी करने वाली शातिर गैंग का खुलासा करते हुए कबाड़ी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी ट्यूबवेल से केबल चोरी कर उसमें से तांबा निकालते थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी रामदेवरा मेले की आड़ में फरार होने की फिराक में थे, लेकिन इससे पहले ही उन्हें पकड़ लिया गया। आरोपियों के कब्जे से 14.960 किलो चोरी का तांबा और वारदात में यूज की गई बाइक जब्त की है। पुलिस अब गैंग से जुड़ी अन्य वारदातों और आरोपियों के नेटवर्क की जांच कर रही है। 3 सितंबर की रात कलाऊना में काटी थी केबल बिलाड़ा थानाधिकारी सवाईसिंह सोढ़ा ने बताया कि 5 सितंबर को प्रार्थी भंवरलाल पुत्र गोमाराम मेघवाल निवासी कलाऊना ने मामला दर्ज कराया था। रिपोर्ट में बताया कि 2 सितंबर की रात अज्ञात चोरों ने कलाऊना स्थित उसके खेत के ट्यूबवेल पर लगी केबल काटकर चोरी कर ली। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। टीम ने CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान की।। पुलिस को सूचना मिली कि संदिग्ध आरोपी रामदेवरा जाने वाले पैदल यात्रियों के अलग-अलग जत्थों में मिक्स होकर भागने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए डांगियावास सरहद पर घेराबंदी कर तीनों को दस्तयाब कर लिया। कड़ाई से पूछताछ में आरोपियों ने केबल चोरी की बात कबूल कर ली। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी घनश्याम (35) पुत्र रूपाराम रैगर, निवासी कलाऊना बिलाड़ा ओर जवरीलाल (20) पुत्र मालाराम, निवासी इंदिरा कॉलोनी, बिलाड़ा सहित माल खरीदने वाले कबाड़ी भैराराम उर्फ नितिन (35) पुत्र कालूराम खटीक, निवासी गणेश नगर पाली, हाल बिलाड़ा को गिरफ्तार किया है।।