पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर की गई एक ग्रुप फोटो को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। दरअसल, SCO समिट के दौरान ली गई ग्रुप फोटो को एडिट करके प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीर हटा दी गई है। यह तस्वीर किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में ली गई थी। इसमें सदस्य देशों के नेता एक मंच पर खड़े नजर आ रहे हैं। मूल तस्वीर में मोदी और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ समेत 12 नेता दिखाई दे रहे हैं। वहीं, एडिटेड तस्वीर में सिर्फ 6 नेता दिख रहे हैं। मोदी, ईरानी राष्ट्रपति मसूद पजशकियान समेत 6 नेताओं को हटा दिया गया है। भारतीय प्रधानमंत्री कार्यालय ने भी SCO समिट का ग्रुप फोटो सोशल मीडिया पर शेयर किया। इसमें शहबाज शरीफ नजर आ रहे हैं। 6 घंटे बाद PMO ने फोटो शेयर की, मोदी दिखे इस विवाद के 6 घंटे बाद पाकिस्तान PMO ने X पर SCO की फोटो शेयर की है। इसमें PM मोदी भी नजर आ रहे हैं। PM शहबाज सिंधु जल संधि पर बोले- पानी को हथियार नहीं बनने देंगे शहबाज शरीफ ने SCO समिट में सिंधु जल संधि का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पानी को कभी भी राजनीतिक दबाव या हथियार के तौर पर इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने साझा जल संसाधनों से जुड़े समझौतों को लेकर कहा कि इन्हें अपनी सुविधा के हिसाब से नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब भारत ने हेग स्थित कोर्ट ऑफ आर्बिट्रेशन के उस फैसले को खारिज कर दिया है, जिसमें कहा गया है कि 1960 की सिंधु जल संधि कानूनी रूप से लागू है। SCO समिट के दूसरे दिन की 4 तस्वीरें… बैठक तय नहीं थी, फिर भी मिले मोदी-जिनपिंग किर्गिस्तान के बिश्केक में SCO समिट के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की अचानक मुलाकात हुई। दोनों नेताओं ने हाथ मिलाया और कुछ देर बातचीत की। दोनों के बीच अलग से द्विपक्षीय बैठक पहले से तय नहीं थी। इस दौरान रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन भी दोनों नेताओं के साथ नजर आए। SCO समिट में अपने संबोधन के दौरान PM मोदी ने आतंकवाद के खिलाफ एकजुट कार्रवाई की जरूरत बताई। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की मौजूदगी में उन्होंने कहा कि आतंकवाद के मुद्दे पर दोहरा रवैया नहीं होना चाहिए। उन्होंने आतंकवाद के पूरे तंत्र को खत्म करने पर जोर दिया। PM मोदी के SCO भाषण की बड़ी बातें…. 1. आतंकवाद को जड़ से खत्म करना जरूरी सिर्फ आतंकियों को पकड़ना या मारना काफी नहीं है। उन्हें पैसा कौन देता है, भर्ती कैसे होती है और कहां छिपते हैं, इस पूरे नेटवर्क को खत्म करना होगा। 2. आतंकवाद पर सब देश एक साथ रहें कुछ देशों के लिए आतंकवाद गलत और कुछ के लिए सही नहीं हो सकता। सभी को आतंकवाद के खिलाफ एक जैसी सख्त नीति अपनानी होगी। 3. जंग का समाधान बातचीत से निकले पश्चिम एशिया में जंग का असर दूर-दूर तक पहुंचता है। देशों के बीच विवाद होने पर युद्ध करने के बजाय बातचीत और कूटनीति से रास्ता निकालना चाहिए। 4. SCO संस्कृति और विचारों को जोड़ने का मंच मोदी ने कहा कि भारत के लिए SCO अलग-अलग देशों की सभ्यता, संस्कृति और विचारों को जोड़ने वाला मंच भी है। SCO समिट से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…