भास्कर न्यूज | दौसा नगर निकाय चुनाव को लेकर भाजपा ने प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया तेज कर दी है। पार्टी की ओर से आवेदनों की छंटनी के बाद दौसा नगर परिषद के करीब 40 वार्डों में एक नाम पर सहमति बनने का दावा किया गया है। शेष 15 वार्डों में प्रत्याशियों के नाम को लेकर मंथन चल रहा है। पार्टी की ओर से रविवार को सभी 55 वार्डों के अधिकृत प्रत्याशियों की घोषणा किए जाने की बात कही गई है। राष्ट्रीय महामंत्री, महिला मोर्चा एवं दौसा निकाय प्रभारी पूजा कपिल ने भाजपा कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी के लिए काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि दौसा में भाजपा के पक्ष में माहौल नजर आ रहा है। जनता का रुख भी पार्टी के पक्ष में है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रत्याशियों की जीत के लिए पूरी ताकत से जुटने की अपील की। टिकट का आधार जीत की संभावना हो: दौसा निकाय प्रभारी पूजा कपिल ने कहा कि प्रत्याशी चयन में जीत की संभावना को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। पार्टी ने मजबूत प्रत्याशियों को मैदान में उतारने की तैयारी की है। टिकट को लेकर कार्यकर्ताओं के बीच व्यक्तिगत मतभेद हो सकते हैं। पार्टी हित सर्वोपरि होना चाहिए। जिस भी प्रत्याशी को टिकट मिले, सभी कार्यकर्ताओं को उसके लिए पूरी मेहनत करनी चाहिए। महिलाओं और युवाओं को 50 प्रतिशत से अधिक मौका देने का दावा:जिला मीडिया प्रभारी प्रेम हरितवाल ने बताया कि भाजपा ने प्रत्याशी चयन में महिलाओं एवं युवाओं को 50 प्रतिशत से अधिक मौका दिया है। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर पार्टी की जीत के लिए काम करेंगे। दौसा में भाजपा का बोर्ड बनाने के साथ ट्रिपल इंजन की सरकार बनाने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ेंगे।