बूंदी में नगरीय निकाय चुनाव-2026 को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए शुक्रवार को ईवीएम मशीनों का पहला रेंडमाइजेशन किया गया। यह प्रक्रिया जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी और जिला कलेक्टर हरफूल सिंह यादव की मौजूदगी में पूरी हुई। जिले की बूंदी नगर परिषद समेत 7 नगरीय निकायों के 230 वार्डों के 264 मतदान बूथों के लिए मशीनें बांटी गईं। चुनाव के लिए कुल 317 कंट्रोल यूनिट (CU) और 317 बैलेट यूनिट (BU) मौजूद हैं। इस प्रक्रिया में कुल 317 ईवीएम मशीनें रेंडमाइज की गईं। इनमें से 264 ईवीएम वोटिंग के लिए और 53 ईवीएम रिजर्व रखी गई हैं। यह पूरी प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग के नियमों के हिसाब से राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में पूरी पारदर्शिता के साथ कराई गई। इस दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को रेंडमाइजेशन की पूरी प्रक्रिया के बारे में जानकारी भी दी गई। इस मौके पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी एच.डी. सिंह, अतिरिक्त जिला कलेक्टर (सीलिंग) रमेश देव, भाजपा जिलाध्यक्ष रामेश्वर मीणा, कांग्रेस से मनीष शर्मा समेत दूसरे राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और रिटर्निंग अधिकारी भी वहां थे।