चूरू के भालेरी थाना क्षेत्र के गांव छाजूसर में खेत में पशुधन घुसने को लेकर हुए विवाद में एक ही परिवार के पांच लोगों पर हमला कर दिया गया। इस हमले में सभी पांच लोग घायल हो गए, जिन्हें डीबी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है। घायलों में शामिल कमला (27) ने बताया कि खेत की सीव में पशुधन चले जाने की बात को लेकर मामूली कहासुनी हुई थी। इसके बाद मदननाथ और भीवनाथ ने गाली-गलौज शुरू कर दी। जब कमला के पिता, भजनलाल (62) ने इसका विरोध किया, तो आरोप है कि मदननाथ, भींवनाथ, लिछूनाथ, डल्लू नाथ, पवन नाथ और पोखर नाथ ने एक राय होकर उन पर लाठी, डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में बीच-बचाव करने आई कमला की मां और दो भाई भी घायल हो गए। इस वारदात में कमला, भजनलाल, संतोष, महावीर और ओमनाथ चोटिल हुए हैं। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलने पर अस्पताल चौकी पुलिस भी इमरजेंसी वार्ड पहुंची। पुलिस ने घायलों से घटना के संबंध में जानकारी ली और मामले की जांच शुरू कर दी है।