चूरू नगर परिषद चुनाव के लिए कुल 301 नामांकन दाखिल हुए थे। इनकी जांच के बाद 39 नामांकन खारिज कर दिए गए। अब 251 प्रत्याशियों के 262 नामांकन सही पाए गए हैं। इस तरह शहर के 60 वार्डों में अब 251 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। गुरुवार दोपहर 3 बजे तक नाम वापसी का समय है। इसके बाद ही चुनाव लड़ने वाले फाइनल प्रत्याशियों की संख्या तय हो जाएगी। बता दें कि पहले कुल 269 प्रत्याशियों ने 301 नामांकन दाखिल किए थे। राजलदेसर में 59 नामांकन रद्द इधर राजलदेसर पालिका चुनाव को लेकर नामांकन पत्रों की जांच के दौरान 59 आवेदन निरस्त किए गए। रिटर्निंग अधिकारी तहसीलदार प्यारेलाल चावला ने बताया कि 174 उम्मीदवारों ने कुल 220 नामांकन दाखिल किए थे। मंगलवार को जांच के बाद 51 आवेदन पार्टी का टिकट नहीं मिलने के कारण रद्द किए गए। वहीं नगरपालिका अधिनियम 2009 की धारा के तहत वार्ड 8 की भाजपा प्रत्याशी शायरा, वार्ड 12 की भाजपा प्रत्याशी धन्नी देवी के भाजपा व निर्दलीय 2 आवेदन, वार्ड 17 की भाजपा प्रत्याशी निधि सैन भी भाजपा व निर्दलीय दोनों आवेदन निरस्त किए गए। वहीं वार्ड 29 के कांग्रेस प्रत्याशी मो. शरीफ का नामांकन भी निरस्त कर दिया गया। वार्ड 6 की निर्दलीय प्रत्याशी प्रियंका सैन और वार्ड 7 के निर्दलीय प्रत्याशी पन्नालाल के नामांकन निरस्त किए गए। नामांकन निरस्त होने के बाद अब कई वार्डों में चुनावी समीकरण बदलने के साथ ही भाजपा और कांग्रेस को भी नए सिरे से रणनीति बनानी होगी।