निगम चुनाव में कांग्रेस ने 150 में से करीब 100 पार्षद उम्मीदवारों के नाम फाइनल कर लिए हैं। क्षेत्रीय विधायकों की फाइनल मंजूरी के बाद इन उम्मीदवारों को मैसेज पहुंचा दिया है। पार्टी से इशारा मिलने के बाद ऐसे प्रत्याशी नामांकन के साथ चुनाव प्रचार की तैयारी में जुट गए हैं। किशनपोल, आदर्श नगर, हवामहल और सिविल लाइंस में 50, सांगानेर में 10, आमेर में 3, मालवीय नगर में 10, बगरू में 8, झोटवाड़ा में 13 और विद्याधर नगर में 10 वार्डों के दावेदार तय कर नामांकन भरने का मैसेज भेज दिया है। सोमवार को नामांकन का अंतिम दिन होने के कारण रविवार देर रात तक कांग्रेस उम्मीदवारों की सूची जारी कर सकती है। कुरैशी के नाम पर पूर्व जिलाध्यक्ष तिवारी का विरोध; शहर में हवामहल विधानसभा के वार्ड 146 में कांग्रेस से पप्पू कुरैशी का नाम सामने आने के बाद पूर्व जिलाध्यक्ष आरआर तिवारी ने विरोध जताया है। तिवारी ने चुनाव प्रभारी रोहित बोहरा से मुलाकात कर अपना फीडबैक दिया है। बताया जा रहा है कि शहर के मौजूदा कांग्रेस विधायक हवामहल से कुरैशी को टिकट दिलवाना चाहते हैं। इधर, तिवारी कुरैशी के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस से बगावत कर चुनाव लड़ने का विरोध जता रहे हैं।