जयपुर के खोहनागोरियान थाना इलाके में एक युवक के साथ 2 लाख 93 हजार 776 रुपए साइबर ठगी का मामला सामने आया है। मामले में पीड़ित ने साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। खोहनागोरियान थानाधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि गोविंदपुरा निवासी अशोक कुमार जांगिड़ (42) ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि राखी से एक दिन पहले 27 अगस्त की शाम करीब 5 बजे पीड़ित मोबाइल चला रहा था। इस दौरान उसका फोन अचानक अपडेट होने लग गया। कुछ देर तक मोबाइल बंद रहा और अपडेट होने के बाद दोबारा चालू हुआ। पीड़ित के अनुसार, मोबाइल फोन चालू होते ही उसके बैंक खातों से बारी-बारी से रकम निकलने लगी। इनमें एचडीएफसी बैंक के 2 खातों से एक-एक लाख की राशि निकाली ली गई जबकि तीसरे एसबीआई बैंक के खाते से 93776 रुपए निकल गए। पीड़ित के पास रकम कटने के काफी देर बाद मैसेज आया। मामले में पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।