जोधपुर के डांगियावास थाना क्षेत्र के एक सीएनजी फिलिंग स्टेशन पर आज सुबह 5 बजे चोरी की वारदात सामने आई है। आरोप है कि सीएनजी भरवाने आए ट्रक ड्राइवर और खलासी ने गल्ले में रखे 50 हजार रुपए चुरा लिए और वहां से फरार हो गए। घटना का सीसीटीवी आने के बाद डांगियावास पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना के 2 घंटे बाद ही आरोपियों को डिटेन कर पूरी रकम बरामद कर ली। पुलिस के अनुसार, जालेली फौजदार स्थित सीएनजी पंप पर सुबह करीब 5 बजे एक ट्रक सीएनजी भरवाने पहुंचा। गैस भरवाने के बाद ड्राइवर ने ट्रक को फिलिंग स्टेशन परिसर में ही खड़ा कर दिया। इस दौरान मौका पाकर जब मैनेजर शौच के लिए गया, तो आरोपी ने गल्ले में रखे 50 हजार रुपए पार कर लिए और मौके से फरार हो गए। सुबह करीब 9 बजे मैनेजर जब वापस लौटा और गल्ला संभाला तो रुपए गायब मिले। इसके बाद तुरंत डांगियावास थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने थाना अधिकारी राजूराम काला की अगुवाई में मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी कैमरे खंगाले, जिसमें संदिग्ध ट्रक और आरोपी कैद हो गए। शिकायत के 2 घंटे बाद पुलिस ने घेराबंदी कर ट्रक ड्राइवर और खलासी को डिटेन कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चुराए गए पूरे 50 हजार रुपये बरामद कर लिए हैं। फिलहाल पीड़ित मैनेजर की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।