डीग जिले में अवैध खनन और अवैध खनन सामग्री के परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन पृथ्वी के तहत कुम्हेर थाना पुलिस ने लगातार दो दिन कार्रवाई की है। पुलिस ने अवैध खनन सामग्री से भरे दो 22 चक्का ट्रेलर जब्त किए हैं। दोनों मामलों में ट्रेलर ड्राइवरों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार कुम्हेर थाना पुलिस ने अवैध खनन सामग्री के परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक 22 चक्का ट्रेलर को पकड़ा। इस ट्रेलर में अवैध बजरी भरी हुई थी। पुलिस ने मौके से ड्राइवर सोहिल (22) निवासी अजनौली, थाना सदर बयाना, जिला भरतपुर को गिरफ्तार किया। वहीं, कुम्हेर पुलिस ने एक और कार्रवाई की। इसमें अवैध गिट्टी से भरा एक 22 चक्का ट्रेलर जब्त किया गया। पुलिस ने ट्रेलर चालक गजेंद्र (25) निवासी पिनावली, थाना कंचनपुर, जिला धौलपुर को गिरफ्तार किया। पहली कार्रवाई थाना अधिकारी जितेंद्र सिंह, पुलिसकर्मियों जसवंत सिंह, बीरेंद्र सिंह और गजेंद्र सिंह की टीम ने की। वहीं, दूसरी कार्रवाई थाना अधिकारी जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में विष्णु सिंह, जसवंत सिंह और हेमंत की टीम ने की। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ ऑपरेशन पृथ्वी के तहत ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।