डीग में गुरुवार को ‘हरियालो राजस्थान मिशन’ के तहत बड़े स्तर पर पौधारोपण महाभियान चलाया गया। जिले में विभिन्न विभागों के समन्वय से करीब 1 लाख 25 हजार पौधे लगाए गए। मांढेरा स्थित बोटेनिकल गार्डन में संभागीय आयुक्त नलिनी कठोतिया और जिला कलेक्टर मयंक मनीष ने फलदार, छायादार और औषधीय पौधे लगाए। अभियान की खासियत धार्मिक महत्व वाली पंचवटी की स्थापना रही, जिसमें पांच पवित्र वृक्ष लगाए गए। पांच दिशाओं में पांच पवित्र वृक्ष उप वन संरक्षक सुरेश मिश्रा ने बताया कि मांढेरा बोटेनिकल गार्डन में वास्तु एवं दिशा के अनुरूप पूर्व, पश्चिम, उत्तर, दक्षिण और अग्निकोण में पीपल, बेलपत्र, बड़ (बरगद), आंवला और अशोक के पौधे लगाए गए। इनमें संभागीय आयुक्त नलिनी कठोतिया ने बेलपत्र का पौधा रोपा। गार्डन में इस अभियान के दौरान 500 से अधिक पौधे लगाए गए। पेड़ पर्यावरण के साथ रोजगार का भी आधार संभागीय आयुक्त नलिनी कठोतिया ने कहा कि पेड़ और प्रकृति इंसान के जीवन का अहम हिस्सा हैं। तेजी से बढ़ते कंक्रीट के जंगलों के बीच पर्यावरण संतुलन बनाए रखना जरूरी है। इसके लिए बड़े पैमाने पर पौधारोपण के साथ उनके संरक्षण पर भी ध्यान देना होगा। उन्होंने कहा कि पेड़ लगाने से पर्यावरण संरक्षण के साथ आजीविका और रोजगार के अवसर भी जुड़े हैं। उन्होंने आम, आंवला और अर्जुन जैसे व्यावसायिक व औषधीय पौधे लगाने की अपील की। ‘एक पेड़ मां के नाम’ से संरक्षण का संदेश कठोतिया ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का जिक्र करते हुए परिवारों से बच्चों को पौधे लगाने और उनकी मां की तरह देखभाल करने के लिए प्रेरित करने की बात कही। उन्होंने डीग जिले में पौधारोपण का लक्ष्य 100 प्रतिशत से अधिक हासिल करने पर जिला कलेक्टर और वन विभाग की टीम की सराहना की। कलेक्टर बोले- ‘एक पेड़ लोकतंत्र के नाम’ लगाएं जिला कलेक्टर मयंक मनीष ने आने वाले नगरीय निकाय चुनाव-2026 को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए लोगों से ‘एक पेड़ लोकतंत्र के नाम’ लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिस तरह पौधे लगाकर प्रकृति को बेहतर बनाया जाता है, उसी तरह निकाय चुनाव में 100 प्रतिशत मतदान कर लोकतंत्र को मजबूत किया जा सकता है। जन्माष्टमी पर यशोदा मैया के नाम लगेंगे 200 पौधे उप वन संरक्षक सुरेश मिश्रा ने बताया कि श्री कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर पूंछरी का लौठा में ‘यशोदा मैया’ के नाम से 200 विशेष पौधे लगाए जाएंगे। इस पहल के जरिए पौधारोपण को धार्मिक और सांस्कृतिक भावनाओं से जोड़ते हुए लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया जाएगा। अधिकारियों से ग्रामीणों तक, सभी ने लिया संकल्प कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, वन विभाग के कार्मिक, महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्याएं और ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने पौधारोपण किया और लगाए गए पौधों के संरक्षण के साथ पर्यावरण बचाने का संकल्प लिया।