डीग में नगरीय निकाय चुनाव के तहत नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन सोमवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर मयंक मनीष और एसपी कांबले शरण गोपीनाथ ने एसडीएम कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान नामांकन प्रक्रिया की व्यवस्थाओं, सुरक्षा इंतजामों और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के पालन का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान नामांकन कक्ष, रिटर्निंग अधिकारी कक्ष, सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी सर्विलांस सहित अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया गया। नामांकन कार्य में तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों से प्रक्रिया की जानकारी ली गई और निर्देश दिए कि पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न होनी चाहिए। कलेक्टर मयंक मनीष और एसपी कांबले शरण गोपीनाथ ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पुलिस अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नामांकन स्थल के निर्धारित दायरे में निर्वाचन आयोग के मापदंडों के अनुरूप ही व्यक्तियों और वाहनों को प्रवेश दिया जाए। अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।