डीग पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कैथवाड़ा थाना पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की चार बाइकें बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर आसपास के क्षेत्रों से दुपहिया वाहन चोरी कर उन्हें बेचते थे। गिरोह के चार अन्य सदस्य फरार हैं। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ के निर्देश पर वांछित अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत उप निरीक्षक रविन्द्र सिंह पुलिस टीम के साथ गश्त कर रहे थे। कैथवाड़ा चौराहे पर मुखबिर से सूचना मिली कि औलंदा से नांगल जाने वाले कच्चे रास्ते पर पहाड़ की खान में कुछ युवक चोरी की बाइकों के साथ मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां चार बाइकों के साथ दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। चार बाइक बरामद गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राशिद (28), निवासी काबान का बास, थाना खोह, जिला डीग और वकील उर्फ वक्की (25), निवासी ऊड़की दल्ला, थाना सीकरी, जिला डीग के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बिना नंबर की स्प्लेंडर प्लस, हीरो एचएफ डीलक्स, यामाहा आर-15 और रजिस्ट्रेशन नंबर RJ02NB1457 वाली स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है। पूछताछ में सामने आया गिरोह का नेटवर्क पूछताछ के दौरान आरोपियों ने मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपियों के अनुसार, वे अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर आसपास के इलाकों से दुपहिया वाहन चोरी करते थे और बाद में उन्हें बेच देते थे। पूछताछ में फरार साथियों के नाम उमर, अंसार, मौसम और वकील पुत्र जल्लो बताए गए हैं। पुलिस अब इन आरोपियों की तलाश में जुटी है। पहले भी दर्ज हैं वाहन चोरी के मामले कैथवाड़ा थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ पहले भी वाहन चोरी के कई मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है। अब पुलिस बरामद बाइकों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की भूमिका की जांच की जा रही है। कार्रवाई में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल कार्रवाई में कैथवाड़ा थानाधिकारी ताराचन्द शर्मा, उप निरीक्षक रविन्द्र सिंह तथा पुलिसकर्मी मनोज कुमार, रविकुमार, अनिल कुमार और भगवान सिंह शामिल रहे।