धौलपुर के निहालगंज थाना पुलिस ने अवैध हथियार से फायरिंग कर जानलेवा हमला करने के मामले में एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया 12 बोर का अवैध कट्टा भी बरामद किया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक धौलपुर विकास सांगवान के निर्देशन में की गई। पुलिस के अनुसार, घटना 15 अगस्त की रात करीब 9:30 बजे हुई थी। मुरारी उर्फ मुरो (पुत्र सोवरन सिंह, निवासी बड़ा पुरा, थाना कोतवाली धौलपुर) अपने साले बंटी गुर्जर के घर से अपने घर जा रहा था। इसी दौरान आरोपियों ने उसे जान से मारने की नीयत से कट्टे से फायर कर दिया। गोली लगने से मुरारी घायल हो गया था। घायल के पर्चा बयान के आधार पर निहालगंज थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए 29 अगस्त को आरोपी दीपक सिंह (पुत्र स्वर्गीय रघुवीर सिंह, उम्र 27 वर्ष, निवासी अशोक विहार कॉलोनी, थाना निहालगंज, धौलपुर) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त 12 बोर का अवैध कट्टा बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी दीपक सिंह के खिलाफ निहालगंज थाने में पूर्व में भी आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर फायरिंग की घटना में शामिल अन्य लोगों और हथियार के संबंध में जानकारी जुटा रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार शर्मा के नेतृत्व में हरभान सिंह, कॉन्स्टेबल केदार और कॉन्स्टेबल राहुल शामिल रहे।