धौलपुर के निहालगंज थाना पुलिस ने एक फैक्ट्री संचालक पर जानलेवा हमले के मामले में दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस घटना में इस्तेमाल किए गए डंडे और एक थार गाड़ी भी जब्त की है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर मामले में शामिल अन्य व्यक्तियों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस के अनुसार, यह घटना 21 अगस्त को हुई थी, जब फैक्ट्री संचालक के पिता और भाई के साथ मारपीट की गई थी। रिपोर्ट में बताया गया है कि शाम करीब पांच बजे कुछ लोग कार, थार और मोटरसाइकिल से फैक्ट्री के बाहर पहुंचे। उन्होंने गेट खटखटाकर पीड़ितों को बाहर बुलाया। बाहर आते ही आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने बेसबॉल बैट और लाठी-डंडों से जान से मारने की नीयत से हमला किया, जिससे पीड़ित को गंभीर चोटें आईं। इसके बाद आरोपी फैक्ट्री के अंदर घुस गए और वहां उसके भाई के साथ भी मारपीट की। इस मामले में निहालगंज थाने में मुकदमा नंबर 285/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर आरोपी देवेंद्र उर्फ देवा गुर्जर की पहचान की गई। पुलिस ने 29 अगस्त को दीपक पुत्र महेश कुमार गुर्जर (22) निवासी तिघरा, हाल अशोक विहार गुरुद्वारा, धौलपुर और देवा उर्फ देवेंद्र कुमार पुत्र मुकुट उर्फ राममुकुट गुर्जर (26) निवासी बसई डांग, हाल राजाखेड़ा बाईपास, धौलपुर को गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडे और थार गाड़ी (RJ11CA9567) जब्त की गई। पुलिस दोनों आरोपियों को पुलिस कस्टडी रिमांड (पीसी रिमांड) पर लेकर घटना में शामिल अन्य व्यक्तियों के संबंध में पूछताछ कर रही है। आरोपी देवेंद्र उर्फ देवा के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज बताए गए हैं।