धौलपुर में राजाखेड़ा बाईपास के पास गुरुवार देर रात एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान राघव अग्रवाल पुत्र रवि अग्रवाल के रूप में हई, वह काली माई रोड के रहने वाला था। रवि अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा राघव रात करीब 11:45 बजे राजाखेड़ा बाईपास के पास पहुंचा था। इसी दौरान वह ट्रेन की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही जान चली गई। घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। इसके बाद शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखा गया। शुक्रवार को पुलिस ने परिवार वालों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम करवाया और जरूरी कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। कोतवाली थाना प्रभारी रामकिशन यादव ने बताया कि मृतक के पिता की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों और युवक के रेलवे ट्रैक तक पहुंचने की वजहों का पता लगा रही है।