डीडवाना में 8 से 12 सितंबर तक होने वाले ऑल इंडिया बास्केटबॉल चैंपियनशिप कप (जोधपुर चैलेंज कप) के लिए राजस्थान की पुरुष और महिला टीमों का ऐलान कर दिया गया है। राजस्थान बास्केटबॉल संघ की ओर से टीम चयन के लिए राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूल संख्या-2 (पिलती स्कूल) के खेल मैदान में एक दिवसीय चयन शिविर लगाया गया। चयन के बाद दोनों टीमों का पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू हुआ, जिसमें राजस्थान पुलिस, रेलवे और प्रदेश के विभिन्न जिलों के राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। देश की 12 टीमें दिखाएंगी दमखम राजस्थान बास्केटबॉल संघ के प्रवक्ता अबरार अली बेरी ने बताया कि जोधपुर बास्केटबॉल संघ की मेजबानी में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में आठ पुरुष और चार महिला टीमें भाग लेंगी। राजस्थान की दोनों टीमें प्रतियोगिता से पहले प्रशिक्षण शिविर में जमकर अभ्यास कर रही हैं। टीम प्रबंधन का लक्ष्य खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के लिए पूरी तरह तैयार करना है। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ युवा प्रतिभाओं पर भरोसा राजस्थान बास्केटबॉल संघ के अध्यक्ष एडवोकेट अजीत सिंह राठौड़ ने कहा कि जोधपुर संघ की ओर से राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि राजस्थान की टीम में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल चुके खिलाड़ियों के साथ अच्छी लंबाई और प्रतिभा वाले खिलाड़ियों को भी जगह दी गई है। टीम से प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। बास्केटबॉल को जीवन समर्पित करने वाले जसवंत सिंह का सम्मान कार्यक्रम के दौरान अजमेर के जसवंत सिंह को सम्मानित किया गया। उन्होंने लंबे समय तक बास्केटबॉल खेल के विकास के लिए सेवाएं दी हैं। वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक पद से सेवानिवृत्त जसवंत सिंह को राजस्थान बास्केटबॉल संघ की ओर से सम्मान दिया गया। ‘राजस्थान बास्केटबॉल संघ एक परिवार’ संघ के चेयरमैन विक्रम सिंह शेखावत ने कहा कि राजस्थान बास्केटबॉल संघ एक परिवार की तरह है, जिसमें हर सदस्य अपनी जिम्मेदारी निभा रहा है। उन्होंने जसवंत सिंह के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनका पूरा जीवन बास्केटबॉल के प्रति समर्पित रहा है। ‘डीडवाना की धरती खिलाड़ियों के लिए अच्छी’ पूर्व एसओ गजेंद्र सिंह राठौड़ ने कहा कि डीडवाना की धरती खिलाड़ियों के लिए अच्छी है। उन्होंने खिलाड़ियों को तैयार करने में योगदान देने वाले ‘किसान’ अजीत सिंह राठौड़ और उनकी टीम को इसका श्रेय दिया। राजस्थान पुरुष टीम जोधपुर चैलेंज कप के लिए राजस्थान की पुरुष टीम में पीयूष मीणा, अब्बास अली (राजस्थान पुलिस), शरद दाधीच, आशीष त्रिवेदी, निलेश एल., कैलाश बिश्नोई (जोधपुर), पीयूष चौधरी, नवनीत सिंह यादव (सीकर), गौरव दरिया (जयपुर), शिवम धाबाई, नितेश बगड़वा (जयपुर एकेडमी) और रितम पवार (उदयपुर) शामिल हैं। टीम के कोच क्षेत्र प्रताप सिंह भाटी (सिरोही) हैं। महिला टीम में भी प्रदेश की प्रतिभाओं को मौका महिला टीम में कमलेश तड़ागी, कनिका राजावत, रानी मेनारिया, आशा नायक, राजलक्ष्मी (राजस्थान पुलिस), निशा, पायल (हनुमानगढ़), प्रेक्षा गहलोत (बीकानेर), प्रियांशी जोशी (राजसमंद), आंचल, अंकिता (झुंझुनूं) और डिम्पल (अजमेर) को शामिल किया गया है। ये रहे मौजूद कार्यक्रम में राष्ट्रीय प्रशिक्षक भंवर सिंह, राकेश विश्नोई, विकास अग्रवाल, अशोक सारस्वत, सुरेश मारोठिया, गुलाब कच्छावा और रणजीत सिंह सीकर सहित कई लोग मौजूद रहे।