डीडवाना में नगर निकाय चुनाव को लेकर चुनावी तस्वीर साफ हो गई है। शुक्रवार को प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए गए। डीडवाना नगर परिषद के सभी 40 वार्डों में अब कुल 145 उम्मीदवार मैदान में हैं। ये सभी प्रत्याशी जीत के लिए मतदाताओं से संपर्क कर रहे हैं। चुनावी मैदान में भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों के अलावा बड़ी संख्या में निर्दलीय उम्मीदवार भी हैं। कई वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशी मुकाबले को त्रिकोणीय या बहुकोणीय बना रहे हैं। इससे दोनों प्रमुख दलों के राजनीतिक समीकरण बिगड़ गए हैं। कई वार्डों में भाजपा-कांग्रेस में सीधी टक्कर चुनाव चिन्ह मिलने के बाद प्रत्याशियों के प्रचार अभियान में तेजी आ गई है। उम्मीदवार अब अपने चुनाव चिन्ह के साथ मतदाताओं के बीच पहुंचकर समर्थन जुटा रहे हैं। राजनीतिक दलों ने भी अपने प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार तेज कर दिया है। डीडवाना के कई वार्डों में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर दिख रही है। वहीं, कुछ वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशी मुकाबले को रोचक बना रहे हैं। अगर निर्दलीय उम्मीदवार मजबूत जनसमर्थन जुटाते हैं, तो इसका सीधा असर दोनों प्रमुख दलों के वोट बैंक पर पड़ सकता है। 9 को होगा मतदान चुनावी तस्वीर साफ होने के बाद आने वाले दिनों में प्रचार अभियान और तेज होगा। प्रत्याशी घर-घर संपर्क करेंगे। वे नुक्कड़ सभाओं और जनसंपर्क के जरिए मतदाताओं को अपने पक्ष में करने की कोशिश करेंगे। 9 सितंबर को होने वाले मतदान में डीडवाना के 40 वार्डों के मतदाता इन 145 प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे।