यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने अस्थायी तौर पर मंडोर एक्सप्रेस में दो एसी कोच बढ़ाने का फैसला लिया है। वहीं रेलवे ने दीपावली पर यात्रियों की सुविधा के लिए साप्ताहिक पूजा स्पेशल ट्रेन के भी फेरे बढ़ाए हैं। मंडोर एक्सप्रेस में बढ़ाए दो एसी कोच मंडोर एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 22491/22492 जोधपुर-दिल्ली-जोधपुर में एक एसी थ्री टियर और एक एसी थ्री टियर इकोनॉमी कोच जोड़ा जाएगा। जोधपुर से अतिरिक्त कोच 9 से 15 सितंबर तक और दिल्ली से 10 से 16 सितंबर तक लगाए जाएंगे। जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया- यात्रियों की सुविधा और अतिरिक्त भीड़ देखते हुए यह अस्थायी व्यवस्था की गई है। इससे जोधपुर-दिल्ली के बीच सफर करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी। पूजा स्पेशल के 9 फेरे बढ़ाए दीपावली के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने लालकुआं-राजकोट-लालकुआं साप्ताहिक पूजा स्पेशल के 9 अतिरिक्त फेरे बढ़ाए हैं। इससे जोधपुर मंडल के यात्रियों को भी इसका फायदा होगा। मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के अनुसार- ट्रेन संख्या 05045 लालकुआं-राजकोट स्पेशल के 4 अक्टूबर से 29 नवंबर तक और ट्रेन संख्या 05046 राजकोट-लालकुआं स्पेशल के 5 अक्टूबर से 30 नवंबर तक 9-9 अतिरिक्त फेरे संचालित होंगे। ट्रेन जोधपुर होकर संचालित होगी। उन्होंने बताया कि ट्रेन 05045 प्रत्येक रविवार को लालकुआं से रवाना होकर सोमवार सुबह 5:40 बजे जोधपुर पहुंचेगी और 5:50 बजे रवाना होगी। वापसी में ट्रेन संख्या 05046 प्रत्येक सोमवार को राजकोट से चलकर मंगलवार सुबह 9:40 बजे जोधपुर पहुंचेगी और 9:50 बजे रवाना होगी। इन स्टेशनों से गुजरेगी रेलवे के अनुसार- लालकुआं-राजकोट-लालकुआं साप्ताहिक पूजा स्पेशल ट्रेन के संचालन समय और ठहराव में बदलाव नहीं किया है। यह ट्रेन भीलड़ी, रानीवाड़ा, मारवाड़ भीनमाल, जालोर, समदड़ी, लूनी, जोधपुर, गोटन, मेड़ता रोड, डेगाना, मकराना, कुचामन सिटी, नावा सिटी, फुलेरा और जयपुर सहित निर्धारित स्टेशनों से होकर संचालित हो रही है।