अलवर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के रोड शो को लेकर कांग्रेस नेता टीकाराम जूली ने निशाना साधा है। जूली ने दावा किया कि रोड शो में 5 से 7 सौ लोग ही शामिल हुए और इनमें भी करीब आधे पुलिसकर्मी और नगर निगम के कर्मचारी थे। वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री भंवर जितेंद्र सिंह ने कहा कि 700 भी छोड़िए 250 से 400 ही लोग थे। जूली ने अलवर के हालात को लेकर भी सरकार पर हमला बोला और दावा किया कि स्थिति देखकर मंत्री को डांट पड़ी। सीएम के रोड शो के बाद अलवर में मीडिया से बातचीत के दौरान नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली बोल रहे थे। सोमवार को निकाय चुनाव प्रचार के आखिरी दिन सीएम भजनलाल शर्मा ने अलवर में रोड शो किया था। सीएम नाराज होकर भाजपा कमेटी की बैठक की बजाय भरतपुर रवाना जूली ने कहा कि हालात इतने खराब थे कि सीएम को भाजपा कार्यालय में कोर कमेटी की बैठक में जाना था, लेकिन वे बैठक को अधिक महत्व नहीं देकर भरतपुर के लिए रवाना हो गए। यह बयान नेता प्रतिपक्ष जूली का है। लेकिन सच्चाई यह है कि मुख्यमंत्री ने बीजेपी कार्यालय में बैठक ली। नेताओं को आपस में एक साथ रहकर ताकत से काम करने का मैसेज भी दिया। महिला सुरक्षा पर भाषण देने वाले पहले हनुमानगढ़-श्रीगंगानगर की घटना पर जवाब दें सीबीआई जांच की मांग याद दिलाई: टीकाराम जूली ने याद दिलाया कि कांग्रेस शासन में अलवर में एक मूक बधिर बालिका की दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी, जिसे भाजपा ने रेप का मामला बताकर बवाल किया था। तब मंत्री संजय शर्मा ने सीबीआई जांच कराने की बात कही थी। जूली ने सवाल उठाया कि अब तक इस मामले में सीबीआई जांच क्यों नहीं शुरू कराई गई? महिला सुरक्षा का दावा हवा-हवाई: हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर में नाबालिग के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सीएम किस मुंह से महिला सुरक्षा की बातें करते हैं? प्रदेश में पुलिस अवैध गतिविधियों में लगी है और अपराध चरम पर है। पिछले एक सप्ताह से लोड शेडिंग के नाम पर की जा रही बिजली कटौती और विपक्ष के प्रत्याशियों के झंडे-बैनर हटवाए जाने को सरकार की तानाशाही बताया। हर डिब्बे के लिए एक अलग इंजन लगवा लो, लेकिन सवारियों के लिए भी जगह छोड़ो सीएम के 'ट्रिपल इंजन सरकार' के बयान पर पलटवार करते हुए जूली ने कहा कि सीएम को शायद पता नहीं कि अलवर नगर परिषद में पहले से ही भाजपा का बोर्ड था, तो ट्रिपल इंजन ही चल रहा था। अब सीएम को कितने इंजन चाहिए ? वे चाहें तो रेल के हर डिब्बे के लिए अलग इंजन लगवा लें, लेकिन कम से कम जनता (सवारियों) के बैठने के लिए तो जगह छोड़ दें। जनता सब समझ चुकी है और अब बेवकूफ नहीं बनेगी। डेयरी शिलान्यास पर भ्रष्टाचार का आरोप अलवर डेयरी में हाल ही में हुए शिलान्यास पर सवाल उठाते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि इस परियोजना के लिए आज तक 200 करोड़ रुपए का लोन मंजूर नहीं हुआ है। यह सब केवल कमीशनखोरी के लिए किया गया। गुजरात से मशीनें मंगवाकर चहेते मित्रों को फायदा पहुंचाने का खेल खेला जा रहा है। वन मंत्री संजय शर्मा के धरने पर चुटकी वन मंत्री संजय शर्मा द्वारा पिछले दिनों नगर निगम में दिए गए धरने पर जूली ने व्यंग्यात्मक टिप्पणी करते हुए कहा कि अगर भाजपा नेता मंत्री के धरने को सही बता रहे हैं, तो संजय शर्मा को भर्तृहरि तक की जर्जर सड़क बनवाने के लिए भी धरने पर बैठा देना चाहिए। मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए मांगे 2500 रुपए,बोर्ड बनते ही भ्रष्टाचार पर लगेगी लगाम इस दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री भंवर जितेंद्र सिंह ने नगर निगम में फैले भ्रष्टाचार को मुख्य मुद्दा बनाया। उन्होंने एक हालिया घटना का जिक्र करते हुए बताया कि वार्ड दौरे के दौरान एक महिला ने उनसे शिकायत की थी कि पति के निधन के बाद मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के लिए निगम के बाबू ने 2,500 रुपए की रिश्वत मांगी।