नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को लेकर दूदू और नरैना में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। शनिवार को नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन दूदू नगर पालिका में 26 और नरैना नगर पालिका में 36 लोगों ने वार्ड पार्षद पद के लिए नामांकन दाखिल किए। दोनों निकायों में अंतिम दिन नामांकन की संख्या बढ़ने की संभावना है। दूदू नगर पालिका के 25 वार्डों के लिए नामांकन प्रक्रिया 27 अगस्त को शुरू हुई थी। पहले दिन किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल नहीं किया था। शनिवार को 26 अभ्यर्थियों के पर्चे दाखिल होने के बाद चुनावी गतिविधियों में तेजी आई। रिटर्निंग अधिकारी गुलाब सिंह वर्मा ने बताया- 31 अगस्त को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्र प्रस्तुत किए जा सकेंगे। इसके बाद नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया समाप्त हो जाएगी। नरैना में 36 अभ्यर्थियों ने भरे पर्चे नरैना नगर पालिका में शनिवार को 36 अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किए। रिटर्निंग अधिकारी सूर्यकांत व्यास के अनुसार, 31 अगस्त नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि है। अंतिम दिन बड़ी संख्या में दावेदारों के पर्चे दाखिल करने की संभावना है। 1 सितंबर को होगी नामांकन पत्रों की जांच निर्धारित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 31 अगस्त को नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 1 सितंबर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी। अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि 3 सितंबर निर्धारित की गई है। इस दिन दोपहर 3 बजे तक नाम वापसी हो सकेगी। इसके बाद 4 सितंबर को प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। दूदू में 9 सितंबर को मतदान पहले चरण में दूदू नगर पालिका के सदस्यों के लिए 9 सितंबर को मतदान होगा। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक कराया जाएगा। दूदू नगर पालिका क्षेत्र में कुल 15,316 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। चुनाव में ईवीएम का उपयोग किया जाएगा। ईपीआईसी नहीं तो इन दस्तावेजों से कर सकेंगे मतदान मतदान के लिए मतदाताओं को ईपीआईसी यानी मतदाता पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा। जिन मतदाताओं के पास ईपीआईसी उपलब्ध नहीं होगा, वे निर्वाचन आयोग द्वारा मान्य 11 वैकल्पिक फोटो पहचान दस्तावेजों में से किसी एक मूल दस्तावेज को प्रस्तुत कर मतदान कर सकेंगे।