डूंगरपुर जिले में बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने राजस्थान-गुजरात के रतनपुर बॉर्डर पर एक कंटेनर से 35 लाख रुपए की हरियाणा निर्मित शराब जब्त की है। तस्कर फोम कार्टन की आड़ में 260 कार्टन शराब गुजरात ले जा रहे थे। पुलिस ने कंटेनर के ड्राइवर को गिरफ्तार किया है। बिछीवाड़ा थानाधिकारी देवेंद्र देवल ने बताया कि पुलिस को नेशनल हाईवे-48 के रास्ते गुजरात में अवैध शराब की तस्करी की सूचना मिली थी। इस पर रतनपुर बॉर्डर पर टीम ने नाकाबंदी कर गाड़ियों की तलाशी शुरू की। नाकाबंदी में रोका, जांच में फोम कार्टन के नीचे मिली शराब इस दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर उदयपुर की ओर से आ रहे एक कंटेनर को रुकवाया। कंटेनर में भरे सामान को लेकर ड्राइवर कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। पुलिस ने कंटेनर खुलवाकर तलाशी ली तो फोम कार्टन के नीचे शराब की पेटियां भरी मिलीं। हरियाणा निर्मित इस शराब के परिवहन के कोई कागजात भी नहीं मिले। पुलिस ने कंटेनर को जब्त कर शराब के 260 कार्टून बरामद किए, जिनकी बाजार कीमत करीब 35 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने शराब तस्करी के आरोप में ड्राइवर आरिफ (35) को गिरफ्तार किया है। वह हरियाणा के नूंह जिले के तावडू थाना क्षेत्र के बावला का रहने वाला है। पुलिस अब शराब तस्करी के इस नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ और जांच कर रही है।