डूंगरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत टाड़ी ओबेरी गांव में खेत पर ट्यूबवेल की मोटर चालू करते समय बिजली का करंट लगने से 13 साल के बच्चे की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। सदर थाने के एएसआई प्रवीण सिंह ने बताया कि टाड़ी ओबेरी निवासी फुला डिंडोर ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार सोमवार सुबह करीब 6 बजे उनका 13 साल बेटा प्रवीण खेतों में फसल को पानी देने के लिए ट्यूबवेल पर गया था। प्रवीण ने जैसे ही मोटर चालू करने के लिए स्विच दबाया, वह तेज बिजली के करंट की चपेट में आ गया। करंट इतना जोरदार था कि प्रवीण की मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों ने तुरंत सदर थाना पुलिस को सूचित किया। पुलिस टीम मौके पर पहुंची, स्थिति का जायजा लिया और शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमॉर्टम कराया और उसे परिजनों को सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।