डूंगरपुर जिले में नगर निकाय चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान कराने और लोगों को लोकतंत्र के इस पर्व का हिस्सा बनाने के लिए बुधवार को जिला मुख्यालय पर जन जागरूकता रैली निकाली गई। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर हुई इस रैली को डूंगरपुर के रिटर्निंग अधिकारी और उपखंड अधिकारी सोनू गुर्जर ने कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कलेक्ट्रेट से शुरू होकर यह रैली शहर के मुख्य व्यावसायिक और रिहायशी इलाकों से गुजरी। इसमें बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों और स्काउट गाइड ने हिस्सा लिया। बच्चों ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर नारों के जरिए शहरवासियों को मतदान का महत्व समझाया। अलग-अलग रास्तों से होते हुए रैली लक्ष्मण मैदान में जाकर खत्म हुई। रैली में शामिल स्कूली बच्चों और स्काउट गाइड ने लोगों को निकाय चुनाव के तहत 9 सितंबर को होने वाले मतदान के लिए जागरूक किया। उन्होंने शत-प्रतिशत मतदान करने का संदेश भी दिया। इस मौके पर रिटर्निंग अधिकारी सोनू गुर्जर ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए हर नागरिक का मतदान करना जरूरी है। उन्होंने बताया कि नगर निकाय चुनाव के लिए 9 सितंबर को वोट डाले जाएंगे। रैली का मुख्य मकसद शहर के हर वोटर को अपने अधिकार के प्रति जागरूक करना और उन्हें मतदान केंद्र तक पहुंचने के लिए प्रोत्साहित करना है।