राजसमंद जिले में शुक्रवार (4 सितंबर) को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाई जा रही है। जिले के प्रमुख पुष्टिमार्गीय पीठों और गढ़बोर स्थित प्रसिद्ध चारभुजा नाथ मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला जारी है। मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और विविध धार्मिक अनुष्ठान किए जा रहे हैं। नाथद्वारा के श्रीनाथजी मंदिर में जन्माष्टमी के अवसर पर आज दिनभर पांच विशेष झांकियां सजाई जाएंगी। शाम को रिसाला चौक से शोभायात्रा निकाली गई। इसके बाद जागरण के दर्शन 9.30 बजे खुलेंगे। रात्रि 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर 21 तोपों की सलामी दी जाएगी। वहीं कांकरोली स्थित द्वारकाधीश मंदिर में भी जन्माष्टमी को लेकर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ पहुंची हैं। यहां सुबह मंगला दर्शन के दौरान भगवान का पंचामृत स्नान कराया गया। राजभोग दर्शन से पहले सुरक्षा गार्डों ने गोवर्धन पूजा चौक में परेड कर कान्हा को सलामी दी। सुरक्षा गार्ड विट्ठविलास बाग से रवाना होकर मंदिर पहुंचे। इसके बाद सुरक्षा गार्ड के आगे मंदिर बैंड ने भजनों की धुन बजाते हुए चलें। राजभोग झांकी में गुजरात, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश सहित देशभर से आए श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। रात्रि 12 बजे यहां भी 21 बंदूकों की सलामी दी जाएगी।