इस बार निगम चुनाव में गलियों का नजारा कुछ अलग होगा। कोई प्रत्याशी सेब लेकर वोट मांगेगा, कोई चप्पल के निशान पर मुहर लगाने की अपील करेगा। किसी की पहचान चारपाई बनेगी तो किसी के प्रचार में गुब्बारा, मिक्सी, जूता या आइसक्रीम नजर आएगी। भाजपा-कांग्रेस जहां अपने पारंपरिक कमल और हाथ के साथ मैदान में होंगी, वहीं निर्दलीयों की पहचान घर-गृहस्थी और रोजमर्रा की चीजें बनेंगी। निर्वाचन आयोग ने नगर पालिका और निगम वार्ड चुनाव के लिए 40 मुफ्त चुनाव प्रतीकों की सूची तय की है। इसमें अलमारी, चप्पल, सेब, कोट, गुब्बारा, चारपाई, चूड़ियां, मिक्सी से लेकर रेफ्रिजरेटर, टेलीविजन, गैस का चूल्हा, सिलाई मशीन, आइसक्रीम और जूते तक शामिल हैं। 3 सितंबर को नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 4 सिंतबर को चुनाव चिह्नों का आवंटन होगा। यानी इसके बाद वार्डों में प्रत्याशी नाम के साथ अपने चिह्न से भी पहचाने जाएंगे। इस बार जयपुर में 953 निर्दलीय और बागी उम्मीदवारों ने पार्षद बनने के लिए पर्चा भरा है। 1 चिह्न के उम्मीदवार ज्यादा तो आरओ लेंगे फैसला निर्वाचन प्रक्रिया के जानकारों के अनुसार मैदान में बचे निर्दलीय उम्मीदवारों को नियमों के तहत तीन चुनाव चिह्नों में से एक चुनने का विकल्प मिलेगा। अंतिम आवंटन रिटर्निंग अधिकारी करेगा। एक ही चिह्न पर एक से ज्यादा उम्मीदवारों की दावेदारी हुई तो लॉटरी या निर्धारित प्रशासनिक प्रक्रिया से फैसला होगा। उम्मीदवार ज्यादा तो नए चिह्न भी आएंगे किसी वार्ड में उम्मीदवारों की संख्या मुफ्त प्रतीकों से ज्यादा हुई तो निर्वाचन आयोग अतिरिक्त या आरक्षित सूची से नए चुनाव चिह्न उपलब्ध कराएगा। हर प्रत्याशी को अलग पहचान देने के लिए प्रशासनिक स्तर पर इसकी व्यवस्था की जाएगी। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार निर्दलीय उम्मीदवारों के लिए चुनाव चिह्न सिर्फ औपचारिक पहचान नहीं होता। प्रचार में यही उनकी सबसे आसान पहचान बनता है और मतदाता कई बार प्रत्याशी को नाम से ज्यादा उसके चुनाव चिह्न से याद रखते हैं। ये हैं 40 मुफ्त चुनाव चिह्न अलमारी, चप्पल, सेब, कोट, गुब्बारा, चारपाई, चूड़ियां, मिक्सी, मोतियों का हार, पेंसिल डिब्बा, बेंच, तकिया, आदमी व पाल युक्त नौका, बिजली का खंभा, बक्सा, बांसुरी, ईंटें, फ्रॉक, बाल्टी, रेफ्रिजरेटर, लिफाफा, टेलीविजन, फव्वारा, टेलीफोन, फूलगोभी, गैस का चूल्हा, जंजीर, टॉफियां, चक्की, साइकिल पंप, अंगूर, आरी, हरी मिर्च, स्कूल का बस्ता, हाथ गाड़ी, कैंची, हारमोनियम, सिलाई की मशीन, आइसक्रीम और जूता।