बरनाला तहसील में मंगलवार को फॉलो-अप ग्रामीण विकास शिविर आयोजित हुआ। निकाय चुनाव की ड्यूटी के कारण अधिकांश विभागों के कर्मचारी शिविर में नहीं पहुंच सके। इससे सीमित संसाधनों में ही शिविर का संचालन हुआ और ग्रामीणों को कई सेवाओं का लाभ नहीं मिल सका। शिविर प्रभारी गिरदावर मगन लाल गुर्जर, हल्का पटवारी अरविंद शर्मा और किसान मित्र घनश्याम सामरिया ने उपलब्ध संसाधनों के साथ व्यवस्थाएं संभालीं। कर्मचारियों की कमी के कारण राजस्व सहित कई विभागों से जुड़े कार्य समय पर नहीं हो सके। दूर-दराज से आए ग्रामीणों को भी अपने काम नहीं होने पर मायूस लौटना पड़ा। हालांकि किसान मित्र घनश्याम सामरिया ने करीब 42 से 45 किसानों की फार्मर आईडी तैयार की, जिससे संबंधित किसानों को राहत मिली। ग्रामीणों ने मांग की कि आगामी शिविरों में सभी संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों की पर्याप्त उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों के काम एक ही स्थान पर समयबद्ध तरीके से हो सकें और उन्हें अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें।