राजमथाई गांव में विरधाणी सेवा संस्थान द्वारा रामदेवरा पदयात्रियों की सेवार्थ निशुल्क रामरसोड़े का शुभारंभ संतों के सानिध्य में संपन्न हुआ। उद्घाटन समारोह में पहुंचे पोकरण विधायक महंत प्रतापपुरी महाराज ने फलसूंड के समीप स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल शिवदानपुरी गोड़ागड़ा धाम के सर्वांगीण विकास एवं निर्माण कार्यों के लिए अपने विधायक कोष से 11 लाख रुपए की वित्तीय स्वीकृति जारी करने की बड़ी घोषणा की। यह घोषणा शिवदानपुरी महाराज जीवित समाधि सेवा समिति गोड़ागड़ा धाम एवं भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष खीमाराम सुथार की विशेष अनुशंसा पर विधायक द्वारा मंच से की गई। इससे धाम पर आने वाले देश प्रदेश के हजारों श्रद्धालुओं को मूलभूत सुविधाओं का सीधा लाभ मिलेगा। रामरसोड़े का विधिवत उद्घाटन स्वामीजी की ढाणी के मठाधीश रावलपुरी महाराज, परेऊ मठाधीश ओमकार भारती महाराज तथा गजरूप सागर मठ के मठाधीश महंत बाल भारती महाराज सहित अन्य संतों के सानिध्य में दीप प्रज्ज्वलन व फीता काटकर किया गया। संतों ने निस्वार्थ मानव सेवा के इस प्रकल्प की सराहना की। समारोह में राजमथाई सहित आसपास के गांवों से ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, गोड़ागड़ा धाम के वंशज पुजारी और श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरा पांडाल जय बाबा री के जयकारों से गूंज उठा। समिति सदस्यों व ग्रामीणों ने 11 लाख रुपए की सौगात देने पर विधायक का आभार जताया।