जयपुर के गांधी नगर रेलवे स्टेशन के बाहर शुक्रवार दोपहर को मोबाइल चोरी होने के बाद बैंक खाते से 1.21 लाख रुपए निकालने का मामला सामने आया है। बदमाश ने मोबाइल चोरी करने के बाद उसका इस्तेमाल कर बैंक अकाउंट से रकम उड़ा ली। पीड़ित नांगलोसाद निवासी सतीश कुमार बैरवा की शिकायत पर बजाज नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बदमाश की पहचान के लिए स्टेशन और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। बजाज नगर थानाधिकारी रामधन मीणा ने बताया कि सतीश कुमार बैरवा का मोबाइल गांधी नगर रेलवे स्टेशन के बाहर से किसी ने चोरी कर लिया। मोबाइल चोरी होने के बाद अज्ञात आरोपी ने ऑनलाइन तरीके से उनके बैंक खाते से 1,21,997 रुपए निकाल लिए। जब खाते से रकम निकलने की जानकारी पीड़ित को मिली तो उसके होश उड़ गए। बजाज नगर थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट उन्होंने बताया कि घटना के संबंध में सतीश कुमार बैरवा ने बजाज नगर थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस अब रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि मोबाइल चोरी करने वाले आरोपी की पहचान की जा सके। मोबाइल चोरी के बाद बैंक खाते पर नजर मोबाइल फोन में बैंकिंग और अन्य वित्तीय सेवाओं से जुड़ी जानकारी होने के कारण चोरी के बाद उसका गलत इस्तेमाल किए जाने का खतरा रहता है। राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज करने की सुविधा उपलब्ध है। पुलिस आरोपी की तलाश के साथ ही यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी किए गए मोबाइल के जरिए बैंक खाते से रकम किस तरह निकाली गई और रकम कहां ट्रांसफर हुई।